हेग : वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि भारत और अमेरिका प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर अधिकतर बातचीत पूरी कर चुके हैं और अब समझौते को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने यहां भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बारे में बात करते हुए कहा, ‘हमने अधिकतर बातचीत पूरी कर ली है और समझौते को अंतिम रूप दे रहे हैं।’ मंत्री दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर यहां पहुंचे हैं। वह एक कारोबारी प्रतिनिधिमंडल के साथ यहां आए हैं। यहां भारत-नीदरलैंड व्यापार मंच को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने पिछले साढ़े चार साल में नौ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। भारत और अमेरिका ने फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के पहले चरण के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप देने की घोषणा की थी। हालांकि, अमेरिका में शुल्क संबंधी परिदृश्य में बदलाव के कारण समझौते पर आगे और बातचीत करनी पड़ी है।