शेयर बाजार 
बिजनेस

वाहन-बैंक शेयरों में लिवाली से बाजार में रही तेजी

कच्चे तेल के दाम में गिरावट और वैश्विक बाजारों में मजबूती से निवेशकों की धारणा सुधरी, ऑटो, विमानन और बैंकिंग शेयरों में जोरदार लिवाली से सेंसेक्स 77,100 के पार, निफ्टी भी 24,000 से ऊपर बंद

मुंबई : स्थानीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी जारी रही। दोनों मानक सूचकांक लाभ में रहे। कच्चे तेल के दाम में नरमी और वैश्विक बाजारों में तेजी के साथ निवेशकों की धारणा मजबूत होने से वाहन, विमानन और बैंक शेयरों में लिवाली से बीएसई सेंसेक्स 109.25 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,100.47 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में 19 में गिरावट आई और 11 लाभ में रहे। सूचकांक बढ़त के साथ खुला और एक समय 811.96 अंक यानी एक प्रतिशत और चढ़कर दिन के उच्चतम स्तर 77,803.18 अंक पर पहुंच गया था। हालांकि, कारोबार के दूसरे सत्र में सूचना प्रौद्योगिकी और धातु शेयरों में मुनाफावसूली से कारण इसकी बढ़त सिमट गई।

एनएसई निफ्टी 34.35 अंक यानी 0.14 प्रतिशत बढ़कर 24,056 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक ऊंचे में 24,261.60 अंक तक गया और नीचे में 24,039 अंक तक आया।

साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स 297.57 अंक चढ़ा जबकि एनएसई निफ्टी 42.9 अंक के लाभ में रहा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.26 प्रतिशत टूटकर 72.81 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

क्या रही स्थिति : सेंसेक्स के शेयरों में इंटरग्लोब एविएशन में सबसे अधिक 4.82 प्रतिशत की तेजी आई। महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। नुकसान में रहने वाले शेयरों में पावर ग्रिड, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस और भारती एयरटेल शामिल हैं। बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.55 प्रतिशत टूटा और स्मॉलकैप सेलेक्ट 0.37 प्रतिशत नीचे आया। एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट लाभ के साथ बंद हुए। हांगकांग के हैंग सेंग में गिरावट रही।

SCROLL FOR NEXT