नई दिल्ली : बीते सप्ताह सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से चार के बाजार पूंजीकरण में सामूहिक रूप से ₹1.43 लाख करोड़ से अधिक की बढ़ोतरी हुई। इनमें भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) सबसे बड़े लाभ में रहा।
समीक्षाधीन सप्ताह में बीएसई का सेंसेक्स 404.53 अंक यानी 0.51 प्रतिशत चढ़ा, जबकि एनएसई का निफ्टी 187.05 अंक यानी 0.76 प्रतिशत बढ़ा।
शीर्ष 10 कंपनियों में एसबीआई, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी हुई।
एसबीआई का बाजार पूंजीकरण ₹63,922.03 करोड़ बढ़कर ₹10,11,721.84 करोड़ हो गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज का मूल्यांकन ₹32,816.40 करोड़ बढ़कर ₹18,01,925.19 करोड़ और टीसीएस का ₹31,875.35 करोड़ बढ़कर ₹8,87,770.13 करोड़ हो गया। एलएंडटी का बाजार पूंजीकरण ₹14,637.76 करोड़ बढ़कर ₹5,56,482.45 करोड़ पर पहुंच गया।
इसके विपरीत, एलआईसी, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल और हिंदुस्तान यूनिलीवर के बाजार पूंजीकरण में सामूहिक रूप से करीब ₹1.24 लाख करोड़ की गिरावट आई।
एलआईसी को सबसे अधिक नुकसान हुआ और उसका बाजार मूल्यांकन ₹40,543.23 करोड़ घटकर ₹4,96,891.82 करोड़ रह गया। बजाज फाइनेंस का बाजार पूंजीकरण ₹37,168.96 करोड़ और एचडीएफसी बैंक का ₹24,183.16 करोड़ घटा।
बाजार पूंजीकरण के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज शीर्ष स्थान पर कायम रही। इसके बाद भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।