70 साल की उम्र में नोएल टाटा का रिटायरमेंट 
बिजनेस

टाटा ग्रुप में बड़ा उलटफेर! नोएल टाटा छोड़ेंगे वोल्टास के चेयरमैन की कुर्सी

सुनील डिसूजा संभालेंगे कमान; जयंत बालन बनेंगे नए MD

Ravi

नई दिल्ली: टाटा ग्रुप की प्रमुख कंपनी वोल्टास (Voltas) में नेतृत्व परिवर्तन होने जा रहा है। टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल एन. टाटा 11 नवंबर 2026 को वोल्टास के चेयरमैन और डायरेक्टर पद से सेवानिवृत्त हो जाएंगे। उनके रिटायरमेंट के बाद 12 नवंबर से सुनील अलारिक डिसूजा कंपनी के नए चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

वहीं, कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) के पद पर भी बदलाव की तैयारी है। मौजूदा MD सी.पी. मुकुंदन मेनन का कार्यकाल मई 2027 में समाप्त होगा। इसके बाद जयंत बालन को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। कंपनी के बोर्ड ने नेतृत्व परिवर्तन से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है।

70 साल की उम्र में नोएल टाटा का रिटायरमेंट, अब बनेंगे चेयरमैन एमेरिटस

नोएल एन. टाटा 11 नवंबर 2026 को वोल्टास के चेयरमैन और डायरेक्टर पद से हट जाएंगे। टाटा ग्रुप की गवर्नेंस गाइडलाइंस के मुताबिक, 70 वर्ष की आयु पूरी होने पर यह बदलाव किया जा रहा है। नोएल टाटा का जन्म 12 नवंबर 1956 को हुआ था। वह 12 नवंबर को 70 वर्ष के हो जाएंगे।

वोल्टास के बोर्ड ने उन्हें 12 नवंबर 2026 से चेयरमैन एमेरिटस नियुक्त करने का फैसला किया है। यह एक सम्मानजनक पद है, जिसके तहत पूर्व चेयरमैन के अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ कंपनी को मिल सकता है।

नोएल टाटा वर्ष 2003 से वोल्टास से जुड़े हुए हैं। उन्होंने 2017 में कंपनी के चेयरमैन का पद संभाला था। टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन होने के अलावा वह टाटा समूह की कई कंपनियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।

सुनील डिसूजा होंगे वोल्टास के नए चेयरमैन, 12 नवंबर से संभालेंगे जिम्मेदारी

नोएल टाटा के बाद सुनील अलारिक डिसूजा वोल्टास की कमान संभालेंगे। कंपनी के बोर्ड ने उन्हें 12 नवंबर 2026 से नया चेयरमैन नियुक्त किया है।

सुनील डिसूजा फिलहाल टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (TCPL) के मैनेजिंग डायरेक्टर और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) हैं। वह पहले से वोल्टास के बोर्ड में डायरेक्टर के रूप में भी शामिल हैं।

टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स चाय, कॉफी, नमक, पैकेज्ड फूड और पेय पदार्थों के कारोबार में सक्रिय है। टाटा सॉल्ट, टाटा टी, टेटली और टाटा संपन्न इसके प्रमुख ब्रांड हैं। उनकी नियुक्ति को वोल्टास में नेतृत्व परिवर्तन की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। कंपनी अब नए चेयरमैन के नेतृत्व में आगे की कारोबारी रणनीति पर काम करेगी।

मई 2027 में बदलेंगे MD, जयंत बालन को मिलेगी पांच साल की जिम्मेदारी

वोल्टास में केवल चेयरमैन ही नहीं, बल्कि मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर भी बदलाव होने जा रहा है। कंपनी के मौजूदा MD सी.पी. मुकुंदन मेनन का कार्यकाल 24 मई 2027 को समाप्त होगा। वह टाटा ग्रुप की रिटायरमेंट नीति के तहत उसी दिन कंपनी की सेवाओं से सेवानिवृत्त होंगे।

उनकी जगह जयंत बालन को नया मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त करने की मंजूरी दी गई है। वह फिलहाल वोल्टास के रूम एयर कंडीशनर कारोबार के प्रमुख हैं। बोर्ड ने उन्हें 25 मई 2027 से पांच साल के कार्यकाल के लिए अतिरिक्त निदेशक और मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त करने का प्रस्ताव मंजूर किया है। हालांकि, इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी आवश्यक होगी।

जयंत बालन वर्ष 2001 में वोल्टास से जुड़े थे। उन्होंने मैन्युफैक्चरिंग, सप्लाई चेन, रणनीति, अंतरराष्ट्रीय कारोबार और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

इसके अलावा, कंपनी ने वेंकटेसालु पलानीस्वामी को 12 नवंबर 2026 से अतिरिक्त गैर-स्वतंत्र एवं गैर-कार्यकारी निदेशक नियुक्त करने की भी मंजूरी दी है। वह फिलहाल टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं।

इस तरह वोल्टास में चेयरमैन से लेकर मैनेजिंग डायरेक्टर तक नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आने वाले महीनों में कंपनी की शीर्ष प्रबंधन टीम में नए चेहरे जिम्मेदारी संभालेंगे।

SCROLL FOR NEXT