नयी दिल्ली : महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी लिमिटेड वृद्धि के अपने अगले चरण के वित्तपोषण के लिए करीब 18 महीने में शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की तैयारी कर रही है। इसके तहत कंपनी नए उत्पाद खंडों में विस्तार और उत्पादन क्षमता बढ़ाने की योजना बना रही है, साथ ही वह विदेशी बाजारों में संभावित अवसरों की भी तलाश कर रही है।
कंपनी के चेयरमैन राजेश जेजुरिकर ने एक साक्षात्कार में कहा कि महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी का मूल्यांकन पहले ही करीब एक अरब अमेरिकी डॉलर है। इसमें 2 निवेशक जुड़े हुए हैं और तीसरे निवेशक के जल्द ही शामिल होने की उम्मीद है। जेजुरिकर महिंद्रा एंड महिंद्रा के ऑटो और कृषि क्षेत्र के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) भी हैं।
उन्होंने साफ किया कि 18 महीने की समयसीमा एक मोटा अनुमान है और कंपनी ने अभी सूचीबद्धता की कोई तारीख तय नहीं की है। उन्होंने कहा, ‘इससे मिलने वाली राशि का इस्तेमाल निश्चित रूप से आंशिक तौर पर मूल्य सृजन के लिए किया जाएगा, लेकिन मुख्य रूप से इसका उपयोग नए खंडों तथा नए उत्पादों में वृद्धि को गति देने और क्षमता विस्तार के लिए होगा।’
जेजुरिकर ने कहा, ‘महिंद्रा भी इस यात्रा में भागीदार बनी रहेगी। निश्चित रूप से हमारा इरादा अपनी हिस्सेदारी को काफी कम करने का नहीं है, ताकि हम इस वृद्धि गाथा का हिस्सा बने रहें।’ विस्तार योजनाओं पर उन्होंने कहा कि कंपनी यात्री और मालवाहक, दोनों खंडों में इलेक्ट्रिक तिपहिया और चार पहिया वाहनों के क्षेत्र में अवसर तलाश रही है। हालांकि, कंपनी का ध्यान अंतर-शहरी परिवहन के बजाय शहरों के भीतर परिवहन पर रहेगा।