मुंबई : कोलकाता स्थित लुमिनो इंडस्ट्रीज लि. का 700 करोड़ रुपये का IPO गुरूवार 27 अगस्त को खुलेगा और 31 अगस्त को बंद होगा। 5 रुपये फेस वैल्यू वाले इक्विटी शेयर का प्राइस बैंड 78 से 82 रुपये तय किया है। निवेशक कम से कम 182 इक्विटी शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं। कुल 700 करोड़ रुपये का इस ऑफर में 500 करोड़ रुपये तक का फ्रेश इश्यू और प्रमोटरों देवेंद्र गोयल और जय गोयल द्वारा 200 करोड़ रुपये तक का ऑफर फॉर सेल शामिल है।
फ्रेश इश्यू से मिलने वाली 337 करोड़ रुपये की रकम का इस्तेमाल कंपनी द्वारा लिए गए कुछ बकाया कर्जों को चुकाने में किया जाएगा; 150.13 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी द्वारा इक्विपमेंट और मशीनरी खरीदने, सिविल कार्यों और मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी के इंटीरियर डेवलपमेंट जैसे कैपिटल एक्सपेंडिचर और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
कंपनी के MD देवेंद्र गोयल ने कहा, कंपनी भारत में एक प्रोडक्ट बेस्ड इंटीग्रेटेड इंजीनियरिंग,प्रोक्योरमेंट व कंस्ट्रक्शन कंपनी है। यह भारत में तेजी से बढ़ते पावर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर के लिए कंडक्टर, पावर केबल, इलेक्ट्रिकल वायर और दूसरे खास प्रोडक्ट और कंपोनेंट बनाने और सप्लाई करने पर ध्यान देती है।
यह अमेरिका, माली, बुर्किना फासो, कोटे डी आइवर, नेपाल, बांग्लादेश, केन्या, घाना, रवांडा और इथियोपिया जैसे देशों में सरकारी बिजली कंपनियों, पब्लिक एंटरप्राइजेज और बिजली बोर्डों जैसे इंटरनेशनल क्लाइंट्स के साथ अपनी प्रोडक्ट-बेस्ड स्ट्रैटेजी और इंटीग्रेटेड ऑपरेशंस के तहत, अपने EPC प्रोजेक्ट्स के लिए भी प्रोडक्ट सप्लाई करती है।