मुंबई : पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच हाल की गिरावट के बाद वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी के अनुरूप घरेलू बाजार बढ़त में रहे। स्थानीय शेयर बाजारों में तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स में चार कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर विराम लगा। यह 899.71 अंक यानी 1.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 80,015.90 अंक पर बंद हुआ। एक समय यह 1,187.64 अंक तक चढ़ गया था।एनएसई निफ्टी 285.40 अंक यानी 1.17 प्रतिशत चढ़कर 24,765.90 पर बंद हुआ। इसके साथ बाजार में लगातार तीन कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया। बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.74 प्रतिशत उछला जबकि मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.36 प्रतिशत मजबूत हुआ। बीएसई में सूचीबद्ध शेयरों में 2,803 शेयर लाभ में रहे जबकि 1,453 में गिरावट आई। वहीं 141 के शेयर के भाव अपरिवर्तित रहे।
क्या रही स्थिति : सेंसेक्स में शामिल शेयरों में अदाणी पोर्ट्स, लार्सन एंड टुब्रो, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और इंटरग्लोब एविएशन प्रमुख रूप से लाभ में रहे। नुकसान में रहने वाले शेयरों में टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और आईसीआईसीआई बैंक शामिल हैं।
ब्रेंट क्रूड में तेजी : वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.84 प्रतिशत बढ़कर 82.90 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल हो गया।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ : ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा, पिछले सत्रों में जो घबराहट देखने को मिली थी, उसमें अब कुछ कमी देखी जा रही है। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि इंडिया उतार-चढ़ाव सूचकांक (इंडिया वीआईएक्स) हाल के उच्च स्तर से 15 प्रतिशत से अधिक नीचे आया है। एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग भी बढ़त के साथ बंद हुए।