रेंज रोवर इलेक्ट्रिक और रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक शामिल हैं 
बिजनेस

जेएलआर अगले साल भारत में अपना पहला इलेक्ट्रिक वाहन उतारेगी

वाहन विनिर्माता कंपनी भारत को वृद्धि के प्रमुख बाजार के रूप में देखती है

Ravi

नयी दिल्ली : जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) के भारत में प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजन अंबा ने कहा है कि वाहन विनिर्माता कंपनी भारत को वृद्धि के प्रमुख बाजार के रूप में देखती है और यहां 2027 में अपना पहला इलेक्ट्रिक वाहन पेश करने की योजना बना रही है।

इसमें रेंज रोवर इलेक्ट्रिक और रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक शामिल हैं। लक्जरी वाहन कंपनी की योजना प्रीमियम इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) खंड में उभरते अवसरों का लाभ उठाने की है।

राजन अंबा ने कहा कि कंपनी अगले साल नई जगुआर जीटी भी पेश करेगी। ये वाहन अलग-अलग समय पर बाजार में उतारे जाएंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी के लिए भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में प्रवेश करने का यह सही समय है और ‘भविष्य ईवी का ही है।’ जेएलआर इंडिया के पास फिलहाल अपने खंड में कोई इलेक्ट्रिक वाहन नहीं है।

हालांकि, कंपनी प्रीमियम और अधिक किफायती, दोनों श्रेणियों में पिछले एक साल के दौरान ईवी बाजार में दर्ज वृद्धि से उत्साहित है। लक्जरी वाहन कंपनी शुरुआत में इन इलेक्ट्रिक मॉडल को आयात कर बाजार में उनकी प्रतिक्रिया परखने की योजना बना रही है। अंबा ने कहा, ‘हमने देखा है कि अधिक किफायती श्रेणी के ब्रांड को भी फायदा हुआ है और मुझे लगता है कि हमें भी इससे काफी लाभ मिलना चाहिए।’

SCROLL FOR NEXT