जियो प्लेटफॉर्म्स 
बिजनेस

जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर लगातार दूसरे दिन चढ़ा

एनएसई में जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,419.50 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ

Rajesh Nain

मुंबई : जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी जारी रही। बीएसई में कंपनी का शेयर 0.40 प्रतिशत चढ़कर 1,423.05 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 5.12 प्रतिशत बढ़कर 1,490 रुपये के उच्च स्तर तक पहुंच गया था। एनएसई में जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,419.50 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 5.09 प्रतिशत चढ़कर 1,489.70 रुपये के उच्च स्तर पर पहुंच गया था। इस तेजी से बीएसई पर कंपनी का बाजार पूंजीकरण 5,249.15 करोड़ रुपये बढ़कर 13,10,491.13 करोड़ रुपये हो गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज समर्थित डिजिटल सेवा कंपनी का शेयर सूचीबद्ध होने के बाद दो दिनों में अपने निर्गम मूल्य 1,119 रुपये से 27 प्रतिशत से अधिक ऊपर बंद हुआ। जियो प्लेटफॉर्म्स ने बुधवार को शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की थी और पहले दिन कारोबार के अंत में इसका शेयर निर्गम मूल्य से करीब 27 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ था। इसके साथ ही कंपनी बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की दूसरी सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनी बन गई। कारोबार समाप्त होने पर बुधवार को जियो प्लेटफॉर्म्स का बाजार मूल्यांकन 13 लाख करोड़ रुपये था। रिलायंस इंडस्ट्रीज 15.92 लाख करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण के साथ देश की सबसे मूल्यवान कंपनी है। बाजार पूंजीकरण के लिहाज से शीर्ष पांच कंपनियों में जियो प्लेटफॉर्म्स, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक से आगे है। कंपनी के 30,213 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को कुल पेशकश के मुकाबले 22.19 गुना अभिदान मिला था। सार्वजनिक निर्गम और एंकर (बड़े) निवेशकों के आवंटन में कुल मांग 7.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक रही, जबकि आवेदनों की संख्या 1.39 करोड़ तक पहुंच गई। आईपीओ पूरी तरह 27 करोड़ नए शेयरों का निर्गम था। इसके लिए प्रति शेयर 1,065 रुपये से 1,119 रुपये का मूल्य दायरा तय किया गया था।

SCROLL FOR NEXT