टाटा मोटर्स के कमर्शियल व्हीकल (सीवी) कारोबार के स्वतंत्र रूप से शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद कंपनी एक नए कारोबारी मॉडल की ओर तेजी से बढ़ रही है। इस रणनीतिक बदलाव में जमशेदपुर स्थित उत्पादन इकाई की भूमिका और भी महत्वपूर्ण होने वाली है। कंपनी अब केवल ट्रकों और व्यावसायिक वाहनों की बिक्री तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि डिजिटल तकनीक, सर्विस नेटवर्क, स्पेयर पार्ट्स और कनेक्टेड वाहन सेवाओं के जरिए अपनी आय के नए स्रोत विकसित कर रही है।
इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा जमशेदपुर प्लांट के साथ-साथ आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सैकड़ों सहायक उद्योगों को मिलने की संभावना है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी Girish Wagh ने वित्त वर्ष 2025-26 की रिपोर्ट में बताया कि कंपनी के गैर-चक्रीय (नॉन-साइक्लिकल) व्यवसायों में 18.2 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
नॉन-साइक्लिकल व्यवसाय ऐसे क्षेत्र हैं जो केवल नए वाहनों की बिक्री पर निर्भर नहीं होते। इनमें वाहन रखरखाव, स्पेयर पार्ट्स, डिजिटल समाधान, टेलीमैटिक्स सेवाएं और आफ्टर-सेल्स सपोर्ट शामिल हैं। इन क्षेत्रों में लगातार बढ़ती मांग कंपनी के लिए स्थिर राजस्व का स्रोत बन रही है।
टाटा मोटर्स द्वारा विकसित टेलीमैटिक्स प्लेटफॉर्म ‘फ्लीट एज’ कंपनी की डिजिटल रणनीति का प्रमुख आधार बनकर उभरा है। जमशेदपुर प्लांट से निर्मित भारी वाहनों में लगाए जा रहे इस सिस्टम के माध्यम से वाहन मालिक अपने ट्रकों की रीयल-टाइम निगरानी, ईंधन खपत, लोकेशन और प्रदर्शन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
कंपनी के अनुसार फ्लीट एज से जुड़े कनेक्टेड वाहनों की संख्या अब 10 लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है, जो डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की दिशा में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे-जैसे कंपनी कनेक्टेड और स्मार्ट कमर्शियल वाहनों पर फोकस बढ़ाएगी, वैसे-वैसे जमशेदपुर प्लांट की उत्पादन और तकनीकी जिम्मेदारियां भी बढ़ेंगी।
नई तकनीकों के इस्तेमाल से वाहन निर्माण प्रक्रिया में गुणवत्ता, दक्षता और उत्पाद विविधता बढ़ने की संभावना है। इससे प्लांट में तकनीकी उन्नयन और कौशल विकास के नए अवसर भी पैदा होंगे।
टाटा मोटर्स की उत्पादन गतिविधियों का सीधा संबंध आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के सहायक उद्योगों से है, जो विभिन्न ऑटो पार्ट्स और कंपोनेंट्स की आपूर्ति करते हैं।
कंपनी के डिजिटल और तकनीकी विस्तार से इन उद्योगों के लिए भी नए ऑर्डर और उत्पादन अवसर पैदा हो सकते हैं। इससे स्थानीय औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने और रोजगार के नए अवसर बनने की उम्मीद है।
ऑटोमोबाइल उद्योग में बदलती तकनीक और ग्राहकों की नई जरूरतों को देखते हुए टाटा मोटर्स अब वाहन निर्माता के साथ-साथ मोबिलिटी सॉल्यूशन प्रदाता की भूमिका में खुद को स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।
स्पेयर पार्ट्स, सर्विस नेटवर्क, डेटा आधारित सेवाएं और डिजिटल प्लेटफॉर्म भविष्य में कंपनी की आय के प्रमुख स्तंभ बन सकते हैं। ऐसे में जमशेदपुर प्लांट केवल उत्पादन केंद्र नहीं, बल्कि इस नई कारोबारी रणनीति का महत्वपूर्ण आधार बनने जा रहा है।
विश्लेषकों का मानना है कि टाटा मोटर्स की नई रणनीति का सकारात्मक प्रभाव केवल कंपनी तक सीमित नहीं रहेगा। जमशेदपुर और आदित्यपुर क्षेत्र की औद्योगिक गतिविधियों, रोजगार, तकनीकी निवेश और स्थानीय कारोबार को भी इससे नई ऊर्जा मिलने की संभावना है।
कंपनी के डिजिटल और सेवा आधारित कारोबार के विस्तार के साथ यह क्षेत्र देश के कमर्शियल व्हीकल उद्योग के प्रमुख तकनीकी केंद्रों में अपनी पहचान और मजबूत कर सकता है।