नयी दिल्ली : उद्योग जगत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने पर बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत एक प्रभावशाली वैश्विक आवाज के रूप में उभरा है और व्यापक सुधारों के जरिए समावेशी आर्थिक विकास को बढ़ावा मिला है। उद्योग संगठनों ने ‘कारोबारी सुगमता’ बढ़ाने वाले सुधारों पर मोदी सरकार के जोर देने की सराहना करते हुए कहा कि इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और उद्योग जगत वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने में सरकार के साथ खड़ा है।
सरकार के साथ मिलकर काम : भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के अध्यक्ष आर मुकुंदन ने कहा, भारत की क्षमताओं में बढ़ता विश्वास उसकी मजबूती, महत्वाकांक्षा और वैश्विक आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में निरंतर प्रगति में झलकता है। विकसित भारत के लक्ष्य की तरफ बढ़ने के साथ उद्योग निवेश बढ़ाने, प्रतिस्पर्धा मजबूत करने और रोजगार सृजन के लिए सरकार के साथ मिलकर काम करता रहेगा।
आर्थिक बुनियाद मजबूत : फिक्की के अध्यक्ष अनंत गोयनका ने प्रधानमंत्री मोदी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा, पिछले 12 वर्षों में भारत की आर्थिक बुनियाद मजबूत हुई है। बड़े सुधार, कारोबारी सुगमता में वृद्धि, बुनियादी ढांचे में रिकॉर्ड निवेश, व्यापार साझेदारियों का विस्तार और वैश्विक प्रतिस्पर्धी विनिर्माण परिवेश के विकास ने अर्थव्यवस्था की दिशा बदल दी है।
'उज्ज्वल केंद्र' के रूप में उभरा : एसोचैम के अध्यक्ष निर्मल के. मिंडा ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में एक 'उज्ज्वल केंद्र' के रूप में उभरा है। इस दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था के बुनियादी पहलू दुनिया की अन्य प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं से कहीं बेहतर साबित हुए हैं। देश का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 2013-14 के 1.9 लाख करोड़ डॉलर से बढ़कर 2025-26 में 4.1 लाख करोड़ डॉलर हो गया है, जबकि वृद्धि दर 6.4 प्रतिशत से बढ़कर 7.7 प्रतिशत तक पहुंच गई है।