बिजनेस

इंडसइंड बैंक ने कठपालिया की सेवाएं समाप्त कीं

कठपालिया को पहली बार एमडी और सीईओ के रूप में नियुक्त किया गया था

Rajesh Nain

नयी दिल्ली :

इंडसइंड बैंक ने अपने पूर्व प्रबंध निदेशक (MD) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) सुमंत कठपालिया के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही के बाद उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। अनुशासनात्मक प्राधिकरण के रूप में काम करते हुए बैंक के निदेशक मंडल ने 20 नवंबर को हुई अपनी बैठक में यह फैसला लिया।

यह निर्णय बंबई उच्च न्यायालय के एक पूर्व न्यायाधीश द्वारा 18 नवंबर को सौंपी गई जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर लिया गया।बैंक ने 24 मार्च 2020 से लागू होने वाले 'मैलस' और 'क्लॉबैक' (वेतन या बोनस की कटौती और वसूली) प्रावधानों को भी लागू करने का फैसला किया है। इसी तारीख को कठपालिया को पहली बार एमडी और सीईओ के रूप में नियुक्त किया गया था।

शेयर बाजार को दी सूचना में बैंक ने कहा कि यह कार्रवाई 29 अप्रैल और 21 मई 2025 को दी गई उसकी पिछली जानकारियों तथा वित्त वर्ष 2024-25 और वित्त वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्टों में किए गए खुलासों के क्रम में की गई है। कठपालिया ने 29 अप्रैल 2025 को उसी दिन से प्रभावी होने वाले इस्तीफे के साथ बैंक की सेवाओं से त्यागपत्र दे दिया था।

बैंक के निदेशक मंडल ने MD एवं CEO तथा निदेशक के पद से उनके इस्तीफे का संज्ञान लिया था, लेकिन यह सूचित नहीं किया था कि अगली सूचना तक वह बैंक की नौकरी में बने रहेंगे। इसके बाद, बैंक की आंतरिक आचार संहिता के तहत उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू की गई और कार्यवाही पूरी होने तक उन्हें 18 जून 2025 से निलंबित कर दिया गया था।

ताजा फैसला जांच रिपोर्ट सौंपे जाने और निदेशक मंडल द्वारा इसके निष्कर्षों पर विचार करने के बाद लिया गया है। पिछले साल मई में निदेशक मंडल ने डेरिवेटिव, माइक्रोफाइनेंस और बही-खाते में हुई ‘धोखाधड़ी’ में कुछ कर्मचारियों के शामिल होने का संदेह जताया था और बैंक को इस मामले की जानकारी जांच एजेंसियों तथा नियामक प्राधिकरणों को देने का निर्देश दिया था।

SCROLL FOR NEXT