नयी दिल्ली : भारत और कनाडा ने प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर वार्ता आगे बढ़ाने तथा द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश को बढ़ावा देने के उपायों पर बुधवार को चर्चा की।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू के बीच यहां हुई बैठक में इस मुद्दे पर विचार-विमर्श किया गया। सिद्धू कनाडा के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।
गोयल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा कि दोनों पक्षों ने भारत-कनाडा व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर वार्ता आगे बढ़ाने और द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि दोनों मंत्रियों ने एक संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते के महत्व पर भी विचार साझा किये।
ऐसा समझौता दोनों देशों को सार्थक बाजार पहुंच उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी अर्थव्यवस्थाओं की पूरक क्षमताओं का लाभ उठाने तथा व्यापार एवं निवेश के नये अवसर पैदा करने में मदद करेगा। गोयल ने कहा कि हमने भारत-कनाडा आर्थिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई। CEPA गहरे वाणिज्यिक जुड़ाव और साझा समृद्धि के लिए उत्प्रेरक का काम करेगा।