नयी दिल्ली : चालू वित्त वर्ष में एक अप्रैल से 17 जून के दौरान शुद्ध आयकर संग्रह 14.64 प्रतिशत बढ़कर 5.21 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। सरकारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।
क्या रही स्थिति : चालू वित्त वर्ष में अब तक शुद्ध कंपनी कर संग्रह 22 प्रतिशत बढ़कर 2.08 लाख करोड़ रुपये रहा, जबकि शुद्ध गैर-कंपनी कर संग्रह आठ प्रतिशत बढ़कर लगभग 2.94 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। गैर-कंपनी कर के अंतर्गत व्यक्तिगत करदाताओं, हिंदू अविभाजित परिवारों (एचयूएफ) और फर्मों द्वारा चुकाया जाने वाला कर शामिल होता है।
रिफंड : 17 मई तक 89,026 करोड़ रुपये के रिफंड जारी किए गए, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 1.19 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
प्रत्यक्ष कर संग्रह : सकल आधार पर प्रत्यक्ष कर संग्रह 12.46 प्रतिशत बढ़कर 6.10 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। इसमें 2.76 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कंपनी कर तथा लगभग 3.15 लाख करोड़ रुपये का गैर-कंपनी कर संग्रह शामिल है।
लक्ष्य : सरकार ने चालू वित्त वर्ष में प्रत्यक्ष करों से 26.97 लाख करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है, जो वित्त वर्ष 2025-26 में एकत्रित 23.40 लाख करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 15 प्रतिशत अधिक है।