एचसीएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अनुपम मिश्रा 
बिजनेस

हिंदुस्तान कॉपर की तीन साल में उत्पादन तीन गुना करने की योजना: चेयरमैन

मिश्रा ने कहा कि चुनौती बड़ी होने के बावजूद कंपनी को यह लक्ष्य हासिल करने का भरोसा है

Ravi

कोलकाता : सार्वजनिक क्षेत्र की खनन कंपनी हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अनुपम मिश्रा ने रविवार को कहा कि कंपनी अगले तीन साल में अपना उत्पादन तीन गुना बढ़ाकर 40 लाख टन से 1.20 करोड़ टन करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।

कंपनी के स्थापना दिवस पर यहां आयोजित कार्यक्रम में अनुपम मिश्रा ने कहा कि चुनौती बड़ी होने के बावजूद कंपनी को यह लक्ष्य हासिल करने का भरोसा है। राजस्थान के खेतड़ी, मध्य प्रदेश के मलांजखंड, झारखंड के घाटशिला तथा गुजरात और महाराष्ट्र में एचसीएल की मौजूदगी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई), सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रिक वाहन, वैमानिकी और रक्षा क्षेत्र के लिए तांबा बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा, ‘भले ही हम पिछले 20 से 25 वर्षों में पीछे रह गए हों, लेकिन अगर हम लगातार प्रयास करते रहें तो वह दिन दूर नहीं जब हम इस क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर बन जाएंगे।’ मिश्रा ने कहा कि भारत ने वित्त वर्ष 2025-26 में 50,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का तांबा आयात किया। यह घरेलू उत्पादन बढ़ाने की जरूरत को रेखांकित करता है।

उन्होंने कहा कि देश में तांबा शोधन की क्षमता करीब 12 लाख टन है, जिसमें से लगभग 8 लाख टन क्षमता ही काम कर रही है। एचसीएल के तांबा सघनता का इसमें फिलहाल करीब 5% योगदान है।

मिश्रा ने कंपनी की बहुआयामी रणनीति का ब्योरा देते हुए कहा कि वह मौजूदा खदानों से उत्पादन बढ़ाने, बंद खदानों को फिर से शुरू करने, नयी खदानें विकसित करने और विदेश में तांबा खनन समेत अन्य अवसर तलाशने पर काम कर रही है। नयी खदानों को उत्पादन शुरू करने में 5 से 10 साल लग सकते हैं।

उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में देरी और तय समय-सीमा से चूकने के कारण लागत बढ़ती है और योजनाओं के प्रभावित होने का जोखिम रहता है। मिश्रा ने कहा कि कंपनी ने खनिजों की खोज का काम तेज किया है। इसके नतीजे तुरंत भले ही न मिलें, लेकिन भविष्य में कंपनी की वृद्धि आज की जा रही खोज पर निर्भर करेगी।

SCROLL FOR NEXT