पेरिस : आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने एवं भारतीय पोत परिवहन क्षेत्र में व्यापक अवसरों पर वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सिंगापुर के उप प्रधानमंत्री गान किम योंग के साथ चर्चा की। व्यापार एवं निवेश को बढ़ावा देने के लिए फ्रांस के नेताओं और कारोबारियों से मिलने के लिए गोयल आधिकारिक यात्रा पर यहां पहुंचे हैं। इसका मकसद दोनों देशों के बीच संबंध गहरे करना है।
किन-किन से मिले : पिछले तीन दिन में मंत्री ने बड़ी कंपनियों के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) और मंत्रियों के साथ कई बैठकें की हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के कार्यकारी निदेशक फतिह बिरोल, नाइजीरिया के व्यापार मंत्री जुमोके ओडुवोले, फ्रांस के अर्थव्यवस्था एवं वित्त मंत्री एरिक लोम्बार्ड, मोटर वाहन आपूर्तिकर्ता कंपनी वेलियो ग्रुप के सीईओ क्रिस्टोफ पेरिलाट तथा लोरियल ग्रुप के सीईओ निकोलस हिरोनिमस के साथ मुलाकात की और भारत में निवेश के विशाल अवसरों का उल्लेख किया।
चर्चा कई मायने में महत्वपूर्ण : पोत परिवहन क्षेत्र पर चर्चा कई मायने में महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत इस क्षेत्र में विकास को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे व्यापार को बढ़ावा मिलेगा एवं व्यवसायों के लिए परिवहन लागत में कमी आएगी। लाल सागर संकट के दौरान भारतीय निर्यातकों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा और विदेशी पोत परिवहन मार्गों द्वारा लगाए गए उच्च शुल्क के कारण माल ढुलाई दरों में तेजी से वृद्धि हुई।
केंद्रीय बजट में भारत के पोत परिवहन क्षेत्र की विशाल क्षमता को साकार करने के लिए जोरदार प्रोत्साहन दिया गया है। बजट में शेयर या ऋण प्रतिभूतियों के माध्यम से वित्तीय सहायता प्रदान कर भारत के समुद्री क्षेत्र का समर्थन करने के लिए समुद्री विकास कोष (एमडीएफ) की स्थापना का प्रस्ताव भी किया गया है। इस कोष से जहाज अधिग्रहण के वित्तपोषण में सीधा फायदा मिलेगा।