त्योहारी मौसम में हवाई किराये पर सीमा नहीं लगाएगी सरकार, एयरलाइंस से उचित दाम रखने को कहेंगे: नायडू 
बिजनेस

त्योहारी मौसम में हवाई किराये पर सीमा नहीं लगाएगी सरकार, टिकट की कीमत उचित रखने को कहेंगे : नायडू

Goutam Ojha

नई दिल्ली :

आगामी त्योहारी मौसम में हवाई यात्रा की मांग बढ़ने के बावजूद सरकार टिकटों के किराये पर कोई अधिकतम सीमा लगाने की योजना नहीं बना रही है। हालांकि, नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि सरकार एयरलाइन कंपनियों से किराये उचित स्तर पर रखने का आग्रह करेगी, ताकि त्योहारों के दौरान यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिल सके।नायडू ने मंगलवार को क्षेत्रीय हवाई संपर्क को बढ़ावा देने वाली उड़ान योजना के अगले चरण के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर के मौके पर यह बात कही। उनसे पूछा गया था कि क्या त्योहारी मौसम को देखते हुए सरकार हवाई किराये पर नियंत्रण लगाने के लिए कोई कदम उठाएगी। मंत्री ने कहा कि सरकार त्योहारों और महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान हवाई किराये की स्थिति पर नजर रखती है। इसके लिए एयरलाइन कंपनियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जाता है और नियमित बैठकें भी की जाती हैं। उन्होंने कहा कि कंपनियों से यह सुनिश्चित करने को कहा जाता है कि ऐसे व्यस्त समय में टिकटों के दाम उचित रहें, ताकि यात्रियों को सुविधा मिल सके। नायडू ने मौजूदा परिस्थितियों में विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों को भी हवाई किराये पर असर डालने वाला प्रमुख कारक बताया। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) की कीमतें बढ़ी हैं। एटीएफ किसी भी एयरलाइन के परिचालन खर्च का बड़ा हिस्सा होता है।मंत्री के मुताबिक, हवाई किराये में ईंधन की हिस्सेदारी लगभग 40 से 43 प्रतिशत होती है। ऐसे में ईंधन की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी भी टिकटों के दाम को सीधे प्रभावित कर सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किराये में बदलाव केवल त्योहारी मांग के कारण नहीं होता, बल्कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय संकट जैसी परिस्थितियां भी इसकी वजह बन सकती हैं। सरकार एयरलाइंस के साथ संवाद जारी रखते हुए उचित किराये बनाए रखने की सलाह देती रहेगी।
SCROLL FOR NEXT