नयी दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 1,000 रुपये बढ़कर 1,05,670 रुपये प्रति 10 ग्राम के नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। इस महीने अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में कटौती की उम्मीद और विदेशी बाजारों में मजबूत मांग के चलते सोने की कीमतों में तेजी आई। यह लगातार छठा कारोबारी सत्र है जब सोने में तेजी रही। इसके साथ ही चांदी की कीमत भी 1,000 रुपये चढ़कर 1,26,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) के नए शिखर पर पहुंच गईं।
1,000 रुपये बढ़कर : अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना शनिवार को 1,000 रुपये बढ़कर 1,04,670 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया था। स्थानीय बाजार में, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना सोमवार को 800 रुपये बढ़कर 1,04,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। पिछले बाजार सत्र में यह 1,04,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
क्या रहा कारण : अमेरिकी फेडरल रिजर्व की स्वतंत्रता को लेकर बढ़ती चिंताओं और शुल्क नीतियों को लेकर बढ़ती अनिश्चितता के बीच निवेशकों के सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुझान बढ़ने से कीमती धातु में तेजी आई।
चांदी की कीमत : चांदी की कीमत 1,000 रुपये बढ़कर 1,26,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) के नए शिखर पर पहुंच गईं। शनिवार को चांदी 6,000 रुपये की छलांग लगाकर 1,25,000 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गई थी।