नयी दिल्ली :
कमजोर वैश्विक रुख और रुपये की मजबूती के बीच मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत में लगातार छठे कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज की गई। सोना 1,400 रुपये गिरकर 1.38 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी 5 प्रतिशत टूटकर 1.69 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के एक साल के निचले स्तर पर रही। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,400 रुपये घटकर 1,38,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गई, जो सोमवार को 1.40 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। 9 नवंबर से अबतक सोने में 8,300 रुपये या लगभग 6 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है। चांदी में भी भारी बिकवाली देखी गई। यह 9,500 रुपये या 5.3 प्रतिशत लुढ़ककर 1,69,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर आ गई, जो एक साल में इसका सबसे निचला स्तर है। पिछले कारोबारी सत्र में यह 1.79 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। चांदी पिछले साल 13 नवंबर को इसी स्तर पर थी, जब स्थानीय बाजार में यह लगभग 1,69,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। पांच नवंबर से आठ सत्रों में चांदी की कीमत में 25,000 रुपये या 13 प्रतिशत की गिरावट आई है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में जिंस के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, ‘कमजोर वैश्विक रुझानों के कारण मंगलवार को घरेलू बाजार में सोने की कीमतें दबाव में रहीं, जबकि मजबूत होते भारतीय रुपये ने गिरावट के इस दबाव को और बढ़ा दिया।' उन्होंने कहा कि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये का मजबूत होकर 93.51 पर पहुंचना (जो अप्रैल के बाद से इसका सबसे मजबूत स्तर है), घरेलू सर्राफा बाजार पर दबाव बढ़ा रहा है। विदेशी बाजारों में हाजिर सोना 3,856.61 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा, जबकि चांदी एक प्रतिशत बढ़कर 47.44 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। मिराए एसेट शेयरखान में जिंस के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि कीमती धातुओं पर निकट भविष्य में दबाव जारी रहने का अनुमान है, क्योंकि बाजार दिसंबर और अगले साल की पहली छमाही में संभावित दर वृद्धि की तैयारी कर रहे हैं।