नयी दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में जारी रहा। कमजोर घरेलू बाजार के बीच गुरुवार को सोना 2,200 रुपये टूटकर 1,43,400 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।
स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव बुधवार के बंद भाव 1,45,600 रुपये प्रति 10 ग्राम से 2,200 रुपये टूटकर 1,43,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) रह गया। हालांकि, चांदी की कीमत 1,87,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही।
कारोबारियों ने कहा कि कमजोर मांग और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में गिरावट के कारण सोने की कीमतों पर दबाव बना रहा। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि वैश्विक बाजार में हाजिर सोने का भाव एक प्रतिशत यानी 39.93 डॉलर गिरकर 3,950 डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गया।
इसकी प्रमुख वजह अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना है, जिससे सोने की कीमतों पर दबाव पड़ा। चांदी की कीमत भी 1.17 प्रतिशत गिरकर 51.06 डॉलर प्रति औंस रह गई।
मिराए एसेट शेयरखान के जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि यदि डॉलर सूचकांक 103 के मजबूत प्रतिरोध स्तर को निर्णायक रूप से पार कर जाता है, तो यह बढ़कर 104.50 तक पहुंच सकता है। इससे कीमती धातुओं की कीमतों पर और दबाव बढ़ सकता है। बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर सूचकांक गिरावट के साथ 102.88 पर कारोबार कर रहा था।