संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 
बिजनेस

डाक विभाग को 2030 तक लाभ में लाने का लक्ष्य : सिंधिया

मंत्रिमंडल ने डाक सेवाओं और बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने तथा मजबूत करने के लिए दो योजनाओं को मंजूरी दी है

Rajesh Nain

नयी दिल्ली :

संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि डाक विभाग नई योजनाओं और उत्पादों के साथ अपनी परिचालन दक्षता बढ़ाकर वर्ष 2030 तक लाभ कमाने की स्थिति में पहुंचने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूर 2,632 करोड़ रुपये की राशि का इस्तेमाल किया जाएगा।

मंत्रिमंडल ने डाक सेवाओं और बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने तथा मजबूत करने के लिए दो योजनाओं को मंजूरी दी है। इनमें डाक परिचालन योजना के लिए 1,141 करोड़ रुपये और डाक विभाग की संपत्तियों के प्रबंधन के लिए 1,491 करोड़ रुपये शामिल हैं। सिंधिया ने मंत्रिमंडल के इन फैसलों पर संवाददाताओं से कहा, ‘हमारा लक्ष्य इस पूंजी निवेश, नई योजनाओं और नए उत्पादों के दम पर डाक विभाग को लागत केंद्र से लाभ केंद्र में बदलना है।''

वित्त वर्ष 2025-26 में डाक विभाग का राजस्व रिकॉर्ड 16 प्रतिशत बढ़कर 15,373 करोड़ रुपये रहा था। चालू वित्त वर्ष में विभाग ने करीब 19,800 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल करने का लक्ष्य रखा है। पहली छमाही में हमने करीब 8,000 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया है, जो कुल लक्ष्य का लगभग 40 प्रतिशत है।

अगली छमाही में 12,000 करोड़ रुपये से 13,000 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की उम्मीद है।’ डाक परिचालन योजना को 16वें वित्त आयोग के चक्र यानी वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य डाक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, परिचालन दक्षता बढ़ाना और लॉजिस्टिक, ई-कॉमर्स तथा डिजिटल सेवाओं की बढ़ती जरूरतों को पूरा करना है।

वहीं, संपदा प्रबंधन योजना के तहत 190 नए भवन बनाए जाएंगे, 50 पुराने भवनों का पुनर्निर्माण किया जाएगा और 5,050 डाकघरों का उन्नयन किया जाएगा। इसके अलावा 20 विरासत भवनों का संरक्षण, 150 आवासीय कॉलोनियों का नवीनीकरण और बेंगलुरु में एक एकीकृत प्रौद्योगिकी केंद्र स्थापित किया जाएगा। बेंगलुरु में डाक प्रौद्योगिकी उत्कृष्टता केंद्र (सीईपीटी) के लिए स्थायी बुनियादी ढांचा तैयार करने पर भी 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

SCROLL FOR NEXT