FSSAI की सख्ती 
बिजनेस

प्रमुख कंपनियों पर FSSAI की सख्ती

ई-कॉमर्स और फूड चेन भी कार्रवाई के दायरे में,खाद्य कंपनियों को 150 से ज्यादा नोटिस

नई दिल्ली : खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य और पेय पदार्थ बनाने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए हाल के महीनों में 150 से अधिक नोटिस जारी किए हैं। ये नोटिस भ्रामक विज्ञापनों, गलत दावों और खाद्य उत्पादों की लेबलिंग से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने के मामलों में दिए गए हैं।

कार्रवाई की जद में नेस्ले इंडिया, पेप्सिको और कोका-कोला इंडिया समेत कई बड़े ब्रांड आए हैं।

बड़े ब्रांडों पर भी कार्रवाई

FSSAI के मुताबिक, नियमों के उल्लंघन और भ्रामक दावों समेत अन्य मामलों को लेकर कई बड़ी कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

इनमें नेस्ले इंडिया, पेप्सिको, एबॉट इंडिया, रेड बुल इंडिया, डैनोन इंडिया, मॉन्स्टर एनर्जी इंडिया, हेल एनर्जी, मॉन्डेलेज इंडिया, कोका-कोला इंडिया, डियाजियो, पर्नोड रिकार्ड, फेरेरो इंडिया और केनव्यू जैसी प्रमुख कंपनियों के नाम शामिल हैं।

नियामक ने खास तौर पर एनर्जी ड्रिंक और अल्कोहलिक बेवरेज बनाने वाली कंपनियों के उत्पादों और उनके प्रचार से जुड़े दावों पर सख्ती बरती है।

ई-कॉमर्स और बड़े फूड चेन भी निगरानी में

FSSAI की निगरानी का दायरा पैकेज्ड फूड और पेय पदार्थ बनाने वाली कंपनियों तक ही सीमित नहीं रहा। अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनियों को भी कुल 12 नोटिस जारी किए गए हैं। प्राधिकरण के अनुसार, अमेजन के एक वेयरहाउस का लाइसेंस भी रद्द किया गया है।

FSSAI की हालिया कार्रवाई से साफ है कि अब खाद्य कारोबारियों के लिए उत्पाद के दावे, सामग्री, पैकेजिंग और लेबल पर दी गई जानकारी में पारदर्शिता और नियमों का पालन बेहद जरूरी होगा। नोटिस मिलने के बाद कई कंपनियों ने अपने लेबल और प्रचार सामग्री में सुधार की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

SCROLL FOR NEXT