बिजनेस

FII की पूंजी निकासी से नुकसान में रहा बाजार

उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बीएसई सेंसेक्स लगातार दूसरे दिन टूटा

मुंबई : उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बीएसई सेंसेक्स लगातार दूसरे दिन टूट गया। पश्चिम एशिया में जारी अनिश्चितता के बीच निवेशकों के सतर्क रुख और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की ताजा पूंजी निकासी से बाजार नुकसान में रहा। बीएसई का सेंसेक्स 141.90 अंक यानी 0.19 प्रतिशत टूटकर 75,867.80 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ऊंचे में 76,224.68 अंक तक गया और नीचे में 75,748.21 अंक तक आया। सेंसेक्स में शामिल 20 शेयर बढ़त में रहे, जबकि 10 में गिरावट रही। एनएसई का निफ्टी 6.55 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 23,907.15 अंक पर रहा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.24 प्रतिशत टूटकर 96.35 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। बीएसई स्मालकैप सूचकांक 0.29 प्रतिशत की गिरावट पर रहा जबकि मिडकैप सूचकांक में 0.52 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

क्या रही स्थिति : सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट रही। लाभ में रहने वाले शेयरों में पावर ग्रिड, इटर्नल, एनटीपीसी और टाटा स्टील शामिल हैं।

निवेशक धारणा सतर्क रही : रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौते को लेकर बनी अनिश्चितता और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से निवेशक धारणा सतर्क रही। क्षेत्रवार सूचकांकों में शीर्ष 10 बैंक सूचकांक 0.90 प्रतिशत गिर गया जबकि निजी बैंक सूचकांक में 0.83 प्रतिशत और वित्तीय सेवा खंड में 0.64 प्रतिशत की गिरावट रही। वहीं पूंजीगत उत्पाद खंड में 3.21 प्रतिशत और उपयोगिता खंड में 2.39 प्रतिशत की तेजी रही। एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए।

SCROLL FOR NEXT