नयी दिल्ली : एस्सार पावर आंध्र प्रदेश में 300 मेगावाट की नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना में करीब 4,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। यह निवेश उसकी नवीकरणीय ऊर्जा इकाई एस्सार रिन्यूएबल्स लिमिटेड (ईआरएल) और सार्वजनिक क्षेत्र की एनएचपीसी लिमिटेड के बीच बिजली खरीद समझौते (पीपीए) पर हस्ताक्षर के बाद किया जाएगा।
कंपनी ने बयान में कहा कि इस परियोजना में सौर और पवन ऊर्जा उत्पादन के साथ बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि विश्वसनीय और मांग के अनुरूप उपलब्ध कराई जा सकने वाली नवीकरणीय ऊर्जा की आपूर्ति की जा सके।
यह समझौता नवीकरणीय, तापीय और गैस आधारित बिजली उत्पादन के क्षेत्रों में करीब पांच गीगावाट का विविध ऊर्जा कारोबार तैयार करने की एस्सार पावर की योजना की दिशा में एक और कदम है।