भारत की अध्यक्षता में हैदराबाद में बुधवार को 12वीं ब्रिक्स श्रम एवं रोजगार मंत्रियों की बैठक शुरू हुई 
बिजनेस

ब्रिक्स देशों में सामाजिक सुरक्षा, कौशल और एआई सहयोग पर मंथन शुरू

एआई और डिजिटल अर्थव्यवस्था के दौर में ब्रिक्स देश श्रमिकों के हितों की रक्षा, कौशल विकास व समावेशी रोजगार को बढ़ावा देने के लिए सहयोगी रोडमैप तैयार करने पर केंद्रित

नई दिल्ली/हैदराबाद : भारत की अध्यक्षता में हैदराबाद में बुधवार को 12वीं ब्रिक्स श्रम एवं रोजगार मंत्रियों की बैठक शुरू हुई। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे की अध्यक्षता में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में श्रम क्षेत्र से जुड़े भविष्य के मुद्दों पर व्यापक चर्चा हो रही है।

महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

बैठक का मुख्य फोकस सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाने, महिलाओं की कार्यबल में भागीदारी बढ़ाने, वैश्विक कौशल मानचित्रण (ग्लोबल स्किल मैपिंग) और गिग एवं प्लेटफॉर्म वर्कर्स के लिए डिजिटल तकनीकों के बेहतर उपयोग पर है।

भारत की अध्यक्षता में आयोजित यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब दुनिया भर में रोजगार का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल अर्थव्यवस्था तथा प्लेटफॉर्म आधारित रोजगार नई चुनौतियां और अवसर लेकर आए हैं।

श्रमिक हितों पर हो रहा विमर्श

बैठक में सदस्य देशों के मंत्री और प्रतिनिधि साझा रणनीति तैयार करने, श्रमिकों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कौशल विकास और समावेशी रोजगार को बढ़ावा देने के लिए सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। इसके अलावा भविष्य की कार्य संस्कृति को अधिक समावेशी, सुरक्षित और तकनीक-सक्षम बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT