नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन कीमतों में तेजी के बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने विमान ईंधन (ATF) और वाणिज्यिक LPG सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। रविवार से ATF की कीमत में 1.37 रुपये प्रति लीटर और 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक सिलेंडर के दाम में 10 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
हालांकि, घरों में इस्तेमाल होने वाली रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पेट्रोलियम कंपनियों के मुताबिक, दिल्ली में ATF की कीमत 137.12 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 138.50 रुपये प्रति लीटर हो गई है। विमान ईंधन कीमतों में लगातार चौथे महीने बढ़ोतरी की गई है।
इससे पहले एक अक्टूबर को ATF की कीमत में 16 रुपये प्रति लीटर की बड़ी वृद्धि की गई थी। वहीं, सितंबर में 6.28 रुपये और अगस्त में 5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी। इसी तरह, होटल और रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाले वाणिज्यिक LPG की कीमत भी 10 रुपये बढ़ाकर 2,820 रुपये कर दी गई है। वाणिज्यिक गैस सिलेंडर के दाम में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।