विमान 
बिजनेस

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए सस्ता हुआ ATF

घरेलू कंपनियों के लिए ATF दरों में लगातार दूसरे महीने कोई बदलाव नहीं किया गया

नयी दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालित करने वाली विमानन कंपनियों के लिए विमान ईंधन (ATF) की कीमतों में 27 प्रतिशत की भारी कटौती की गई है, जिससे इन्हें बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, घरेलू कंपनियों के लिए ATF दरों में लगातार दूसरे महीने कोई बदलाव नहीं किया गया। घरेलू विमानन कंपनियों के लिए ATF की कीमत एक अप्रैल से 1,04,927.18 रुपये प्रति किलोलीटर पर ही बनी हुई है। वहीं तेल विपणन कंपनियों ने वाणिज्यिक LPG सिलेंडर (19 किलोग्राम) की कीमत में 42 रुपये की बढ़ोतरी की है।

क्या होगा असर : इस कटौती से अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के लिए विमान ईंधन की कीमत 400 डॉलर प्रति किलोलीटर से अधिक घटकर करीब 1,100 डॉलर प्रति किलोलीटर हो जाएंगी।

कितनी थी कीमत : इन विमानन कंपनियों के लिए ATF दरें एक मई को 76.55 डॉलर (5.33 प्रतिशत) बढ़ाकर 1,511.86 डॉलर प्रति किलोलीटर की गई थीं। अप्रैल में अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कीमतों में उछाल के कारण यह दोगुनी से अधिक बढ़कर 1,435.31 डॉलर प्रति किलोलीटर हो गई थीं।

क्या है स्थिति : अंतरराष्ट्रीय कीमतें मई में बढ़ने के बावजूद, सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने घरेलू कीमतों को स्थिर रखा था और अतिरिक्त लागत खुद वहन की ताकि यात्रियों पर बोझ न पड़े। अब अंतरराष्ट्रीय कीमतों में कमी आने पर विदेशी विमानन कंपनियों को राहत दी गई है, जबकि घरेलू आपूर्ति पर कंपनियां अब भी नुकसान झेल रही हैं।

वाणिज्यिक LPG सिलेंडर : वहीं तेल विपणन कंपनियों ने वाणिज्यिक LPG सिलेंडर (19 किलोग्राम) की कीमत में 42 रुपये की बढ़ोतरी की है। इससे दिल्ली में इसकी कीमत 3,113.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है जो पहले 3,071.50 रुपये थी। यह वृद्धि एक मई को की गई 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी के बाद हुई है, जिससे वाणिज्यिक एलपीजी कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं।पांच किलोग्राम ‘फ्री-ट्रेड एलपीजी सिलेंडर’ की कीमत भी 11 रुपये बढ़ाकर 821.50 रुपये कर दी गई है।

घरेलू LPG सिलेंडर : घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देते हुए 14.2 किलोग्राम घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये पर स्थिर रखी गई है, जो मार्च की शुरुआत से लागू है।

पेट्रोल और डीजल : पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पिछले महीने इनमें लगभग 7.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी। वर्तमान में दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर है।

SCROLL FOR NEXT