त्योहारी सीजन से पहले महंगे होंगे AC, TV और वॉशिंग मशीन, 8% तक बढ़ सकते हैं दाम 
बिजनेस

त्योहारी सीजन से पहले महंगे होंगे AC, TV और वॉशिंग मशीन, 8% तक बढ़ सकते हैं दाम

Goutam Ojha

नई दिल्ली : त्योहारी सीजन से पहले एयर कंडीशनर (AC), LED टीवी, वॉशिंग मशीन और अन्य उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स सामान महंगे हो सकते हैं। तांबा, एल्युमिनियम, इस्पात, प्लास्टिक और कच्चे तेल से जुड़े उत्पादों की बढ़ती लागत के साथ माल ढुलाई खर्च और विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव के चलते प्रमुख कंपनियां कीमतों में 3 से 8 फीसदी तक बढ़ोतरी की तैयारी कर रही हैं। इस साल यह तीसरी बार होगा जब कंपनियां दाम बढ़ाएंगी।

AC की कीमतों में करीब 5-8 फीसदी और कुछ कंपनियों के वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर व LED टीवी में 3-4 फीसदी तक वृद्धि की संभावना है। ब्लू स्टार, गोदरेज अप्लायंसेज, हायर, डाइकिन और सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स समेत कई कंपनियां अलग-अलग उत्पाद श्रेणियों में बढ़ोतरी कर चुकी हैं। LG और बॉश होम कम्फर्ट ने भी AC के दाम करीब 5 फीसदी बढ़ाए हैं, जबकि पैनासोनिक अभी स्थिति का आकलन कर रही है।

ब्लू स्टार के प्रबंध निदेशक बी. त्यागराजन ने कहा कि कंपनी AC और डीप फ्रीजर की कीमतें 5-8 फीसदी बढ़ा चुकी है और इस साल अब तक तीन बार दाम बढ़ाए गए हैं। गोदरेज एंटरप्राइजेज के कारोबार प्रमुख एवं कार्यकारी उपाध्यक्ष कमल नंदी के अनुसार, पिछली कीमत समीक्षा के बाद जिंस लागत 8-10 फीसदी बढ़ी है, जिससे विभिन्न श्रेणियों में 5-7 फीसदी वृद्धि जरूरी हो गई है।

हायर इंडिया के अध्यक्ष एन.एस. सतीश ने बताया कि कंपनी 1 अक्टूबर से AC के दाम करीब 5 फीसदी और LED टीवी व वॉशिंग मशीन के दाम 2-3 फीसदी बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि लागत दबाव जारी रहा तो दिसंबर-जनवरी में भी कीमतें बढ़ सकती हैं। उनके मुताबिक, तांबे की कीमत करीब 8,000-9,000 डॉलर प्रति टन से बढ़कर 14,500 डॉलर तक पहुंच गई है। एक AC में औसतन 3-4 किलोग्राम तांबा इस्तेमाल होता है।

डाइकिन इंडिया ने 16 सितंबर से कीमतों में 8-10 फीसदी बढ़ोतरी की है। कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक कंवलजीत जावा ने बताया कि तांबे की कीमत 25-35 फीसदी बढ़ी है और डॉलर की मजबूती से लागत दबाव बढ़ा है। वहीं, एसपीपीएल अक्टूबर के बाद टीवी की कीमतें करीब 7 फीसदी बढ़ाने की योजना बना रही है।

कंपनियों को चिंता है कि महंगे उत्पाद त्योहारी मांग को प्रभावित कर सकते हैं। हालांकि, डीलरों और वितरकों के पास पुराने दाम पर खरीदा गया स्टॉक मौजूद है, इसलिए दिवाली तक कुछ सामान पुराने दाम पर मिल सकता है। उद्योग के अनुसार, ओणम से दिवाली तक का त्योहारी दौर घरेलू उपकरणों की सालाना बिक्री में करीब 30-40 फीसदी योगदान देता है।

SCROLL FOR NEXT