देशभर में कुल 13.61 लाख यात्री वाहनों की बिक्री हुई 
बिजनेस

3 महीने में बिक गए 78 लाख वाहन

वाहनों की बिक्री के मामले में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर रहा

Rajesh Nain

नयी दिल्ली :

चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में महाराष्ट्र में सबसे अधिक यात्री वाहनों की बिक्री हुई, जबकि दोपहिया और तिपहिया वाहनों की बिक्री के मामले में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर रहा। वाहन विनिर्माताओं के संगठन सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। सियाम के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में देशभर में कुल 13.61 लाख यात्री वाहनों की बिक्री हुई। इसमें महाराष्ट्र की हिस्सेदारी 1.65 लाख इकाई के साथ 12.1 प्रतिशत रही। इसके बाद उत्तर प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु और कर्नाटक का स्थान रहा।देश में संख्या के लिहाज से सबसे बड़ा वाहन खंड दोपहिया वाहनों का है। इस खंड में तिमाही के दौरान कुल 64.33 लाख वाहनों की बिक्री हुई। उत्तर प्रदेश 7.89 लाख इकाइयों के साथ पहले स्थान पर रहा। राज्य की कुल बिक्री में हिस्सेदारी 12.3 प्रतिशत रही। इसके बाद महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गुजरात और कर्नाटक का स्थान रहा। क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार, पश्चिमी क्षेत्र यात्री वाहन, दोपहिया और वाणिज्यिक वाहन सहित तीन खंड में सबसे आगे रहा। इस क्षेत्र में यात्री वाहनों की 4.29 लाख, दोपहिया वाहनों की 21.13 लाख और वाणिज्यिक वाहनों की 1.13 लाख इकाइयां बिकीं। वहीं, दक्षिणी क्षेत्र में सबसे अधिक 96,000 तिपहिया वाहनों की बिक्री हुई।

वाणिज्यिक वाहनों में महाराष्ट्र सबसे आगे

वाणिज्यिक वाहनों की कुल बिक्री 3.09 लाख इकाई रही। इसमें महाराष्ट्र 46,000 इकाइयों के साथ पहले स्थान पर रहा। कुल बिक्री में राज्य की हिस्सेदारी 15 प्रतिशत थी। इसके बाद तमिलनाडु, गुजरात, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक का स्थान रहा। तिपहिया वाहनों की कुल बिक्री 2.85 लाख इकाई रही। उत्तर प्रदेश 34,000 इकाइयों की बिक्री के साथ पहले स्थान पर रहा। कुल बिक्री में राज्य की हिस्सेदारी 12.1 प्रतिशत थी। इसके बाद गुजरात, कर्नाटक, बिहार और तमिलनाडु का स्थान रहा।

45 प्रतिशत वाहन 5 राज्यों में बिके

सियाम के राज्यवार आंकड़ों के अनुसार, यात्री वाहनों की कुल बिक्री में शीर्ष 5 राज्यों की हिस्सेदारी करीब 45 प्रतिशत रही। इसमें महाराष्ट्र की हिस्सेदारी 12.1 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश की 9.8 प्रतिशत, गुजरात की 8.3 प्रतिशत, तमिलनाडु की 7.7 प्रतिशत और कर्नाटक की 7.2 प्रतिशत थी। आंकड़ों के मुताबिक, यात्री वाहनों, दोपहिया और वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु और कर्नाटक शीर्ष पांच राज्यों में शामिल रहे। हालांकि, तिपहिया वाहनों के मामले में बिहार ने महाराष्ट्र की जगह शीर्ष पांच राज्यों में स्थान बनाया। सियाम के आंकड़ों से पता चलता है कि देश में वाहन मांग मुख्य रूप से पश्चिमी और दक्षिणी क्षेत्रों में केंद्रित है। जुलाई-सितंबर तिमाही में पश्चिमी क्षेत्र की यात्री वाहनों, दोपहिया और वाणिज्यिक वाहनों की कुल बिक्री में करीब एक-तिहाई हिस्सेदारी रही। वहीं, तिपहिया वाहनों की बिक्री में दक्षिणी क्षेत्र सबसे आगे रहा।
SCROLL FOR NEXT