नयी दिल्ली : भारत में नियुक्ति प्रक्रिया चुनौतीपूर्ण होती जा रही है। ऐसे में कंपनियां तेजी से कृत्रिम मेधा (AI) का सहारा ले रही हैं। 71 प्रतिशत नियोक्ताओं ने कहा कि AI ने उन्हें सही कौशल वाले उम्मीदवार या छिपी हुई प्रतिभा खोजने में मदद की है। पेशेवर नेटवर्किंग मंच लिंक्डइन की रिपोर्ट में कहा गया है कि 80 प्रतिशत नियोक्ताओं के लिए AI से उम्मीदवारों के कौशल को समझना आसान हुआ है, जबकि 76 प्रतिशत मानते हैं कि AI भर्ती प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने में मदद कर रहा है। लिंक्डइन की यह रिपोर्ट नवंबर 2025 में 19,113 भारतीय उपभोक्ताओं और 6,554 वैश्विक एचआई पेशेवरों के बीच किए गए सर्वेक्षण पर आधारित है।
भर्ती बाजार में तेजी : भारत में भर्ती बाजार तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन योग्य उम्मीदवार खोजने में 74 प्रतिशत नियोक्ता कठिनाई का सामना कर रहे हैं, जबकि नियुक्ति गतिविधि महामारी से पहले के स्तर से 40 प्रतिशत अधिक है। नियोक्ता भर्ती में AI-जनित आवेदनों (53 प्रतिशत) और मांग वाले कौशल की कमी (47 प्रतिशत) को चुनौतियों के रूप में बता रहे हैं। इसके अलावा, 48 प्रतिशत नियोक्ता कहते हैं कि वास्तविक और कम गुणवत्ता वाले या भ्रामक आवेदन अलग करने में समय लगता है।
बढ़ाने की योजना : भविष्य में AI का इस्तेमाल और बढ़ने की संभावना है, क्योंकि 80 प्रतिशत भारतीय नियोक्ता इसे भर्ती लक्ष्यों, उम्मीदवार मूल्यांकन और शीर्ष प्रतिभाओं को खोजने के लिए बढ़ाने की योजना बना रहे हैं।