कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से की गयी पुष्पवर्षा 
बिहार

मुजफ्फरपुर में कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से की गयी पुष्पवर्षा

Om Prakash Mishra

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सावन के दूसरे सोमवार को बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचे कांवड़ियों पर जिला प्रशासन ने हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सावन के दूसरे सोमवार को बाबा गरीबनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए लाखों कांवड़िये पहुंचे। पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, ‘‘कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करना एक अच्छी पहल है। इससे श्रद्धालुओं की खुशी कई गुना बढ़ गई।’’ स्थानीय विधायक रंजन कुमार ने भी सरकार के इस कदम की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा, ‘‘देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु बाबा गरीबनाथ के जलाभिषेक के लिए यहां आते हैं। इस तरह का भव्य स्वागत उनके लिए निश्चित रूप से यादगार अनुभव होगा।’’ मंदिर के पुजारी अभिषेक पाठक ने बताया कि सावन के दूसरे सोमवार को करीब तीन लाख श्रद्धालुओं ने बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक किया। उन्होंने कहा, ‘‘पहली बार सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की। यह उनके लिए निश्चित रूप से विशेष अवसर रहा होगा।’’

अधिकारियों के मुताबिक, राज्य सरकार और पर्यटन विभाग की ओर से कांवड़ियों के स्वागत के लिए की गई व्यवस्थाओं के तहत जिले में पहली बार पुष्पवर्षा का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि बाबा गरीबनाथ मंदिर, हरिसभा चौक, साहू पोखर और जिला स्कूल क्षेत्र समेत कांवड़ियों के मार्ग में कई स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई।

SCROLL FOR NEXT