सांकेतिक फोटो  
बिहार

अस्पताल संचालक की पिटाई से युवक की मौत, 2 आरोपी गिरफ्तार

घटना 10 नवंबर की रात रफीगंज स्थित केपी मेमोरियल अस्पताल में हुई थी

Santosh Sharma

पटना : बिहार के औरंगाबाद जिले में एक निजी अस्पताल के संचालक और उसके सहयोगियों द्वारा कथित तौर पर की गई मार-पीट में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की पटना के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

घटना के चार दिन बाद हुई इस मौत के मामले में पुलिस ने अस्पताल संचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

औरंगाबाद पुलिस की ओर से सोमवार देर शाम जारी बयान के अनुसार, घटना 10 नवंबर की रात रफीगंज स्थित केपी मेमोरियल अस्पताल में हुई थी। सिकंदर खान नामक व्यक्ति अपने मित्र राजा चौधरी के आग्रह पर उसके पिता का इलाज कराने के लिए अस्पताल पहुंचा था।

इसी अस्पताल में खान के एक परिचित की बेटी जीनत खातून को भी प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था। जीनत के शरीर में खून की कमी थी। अस्पताल के संचालक रंजीत कुमार यादव ने कथित तौर पर उसे प्रसव के लिए किसी दूसरे अस्पताल में ले जाने का सुझाव दिया। इस बात को लेकर रंजीत और सिकंदर खान के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।

पुलिस के अनुसार, इस दौरान अस्पताल संचालक रंजीत कुमार यादव, उसके भाई रंजय कुमार और कंपाउंडर सौरभ कुमार ने कथित तौर पर अस्पताल का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और सिकंदर खान की बेसबॉल बैट तथा लोहे की छड़ों से बुरी तरह पिटाई की।

अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल खान को इलाज के लिए पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार को उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने इस मामले में अस्पताल संचालक रंजीत कुमार यादव और कंपाउंडर सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, रंजय कुमार और मारपीट में शामिल अन्य अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

इस मामले में 11 नवंबर को रफीगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सिकंदर खान की मौत के बाद प्राथमिकी में हत्या से संबंधित धारा 103(1) भी जोड़ दी गई है।

औरंगाबाद के सिविल सर्जन ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि संबंधित क्लिनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सिविल सर्जन कार्यालय में पंजीकृत नहीं था।

मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक उपेंद्र वर्मा ने रफीगंज थाना प्रभारी शंभू कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्हें पुलिस लाइन में संबद्ध कर दिया गया है।

SCROLL FOR NEXT