शराब लदा ट्रक 
बिहार

दरभंगा में शराब लदा ट्रक पलटा, बोतलें लूटने की मची होड़

घंटों बाद पहुंची पुलिस

Ravi

दरभंगा : बिहार के दरभंगा जिले में शराब से लदा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शराब से भरा ट्रक पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में शराब की खेप होने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते बोतलें उठाकर ले जाने की होड़ शुरू हो गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

ट्रक पलटने के बाद चालक और खलासी फरार

जानकारी के मुताबिक, हादसा देर रात हुआ था। दुर्घटना के बाद ट्रक का चालक और खलासी मौके से निकल गए। सुबह लोगों को जब ट्रक में शराब लदी होने की जानकारी मिली तो वहां भीड़ जमा होने लगी। कई लोग ट्रक से शराब की पेटियां और बोतलें निकालकर ले जाते दिखाई दिए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की संख्या काफी बढ़ गई। इस दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ।

पुलिस पहुंची तो बंद हुआ बोतलें ले जाने का सिलसिला

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम करीब सुबह 6:30 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने के बाद लोगों को वहां से हटाया गया और ट्रक को अपने कब्जे में लिया गया। रिपोर्ट के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर HR 45C 8635 बताया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।

लोगों की पहचान में जुटी पुलिस

बहेड़ी थानाध्यक्ष के अनुसार, वायरल वीडियो और तस्वीरों के आधार पर शराब की बोतलें ले जाने वाले लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से शराब की बोतलें वापस करने की अपील भी की है। साथ ही ट्रक के मालिक और शराब की खेप से जुड़े लोगों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

SCROLL FOR NEXT