पटना : बिहार के उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने गुरुवार को कहा कि राज्य में घरेलू गैस (LPG) सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और वितरण केंद्रों के बाहर लग रही कतारें कांग्रेस के भ्रामक प्रचार का परिणाम हैं।
जायसवाल ने कहा कि राज्य में LPG सिलेंडर की कमी के दावे भ्रामक हैं। यह कांग्रेस के भ्रामक प्रचार का परिणाम है, जिसका उद्देश्य लोगों के मन में भय पैदा करना है।
इस बीच, कांग्रेस ने राज्य में कथित ‘LPG की कमी’ को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजेश राम ने कहा, केंद्र सरकार देशभर में लोगों को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रही है। लोग LPG सिलेंडर के लिए घंटों कतार में खड़े रहने को मजबूर हैं। उनके पास कोई विकल्प नहीं बचा है क्योंकि रसोई गैस की उपलब्धता लगातार घट रही है।
उन्होंने कहा, जब नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत की थी, तब उन्होंने कहा था कि वे महिलाओं की आंखों में धुएं का असर नहीं देख सकते। आज, जब वह (अमेरिकी राष्ट्रपति) डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी नेतृत्व को संकट सुलझाने के लिए राजी नहीं कर पा रहे हैं, तब LPG कुप्रबंधन ने जनता की कमर तोड़ दी है।
राम ने दावा किया कि पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में LPG सिलेंडर के लिए घंटों कतार में खड़े रहने के दौरान बुजुर्गों की मौत तक हो चुकी है। इसके बावजूद सरकार लगातार कह रही है कि कोई संकट नहीं है। ऐसे में सरकार यह बताए कि लोगों को कतार में खड़ा होने के लिए क्यों मजबूर होना पड़ रहा है।
कांग्रेस के एक अन्य वरिष्ठ नेता मदन मोहन झा ने कहा कि लोगों में LPG सिलेंडर नहीं मिलने को लेकर बेचैनी है। अगर सरकार दावा कर रही है कि कोई कमी नहीं है, तो LPG एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों की क्या वजह है ? लोग सिलेंडर के लिए वास्तविक कीमत से 5 गुना तक भुगतान करने को तैयार हैं।