तेजस्वी यादव  -
बिहार

भ्रष्टाचार और कुशासन पर तेजस्वी ने NDA सरकार को घेरा

तेजस्वी का आरोप : बिहार में भ्रष्टाचार और कुशासन ने शासन-व्यवस्था को किया कमजोर

Santosh Sharma

पटना : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार पर आरोप लगाया कि उसने माफिया को शासन-व्यवस्था के हर स्तर पर अपना प्रभाव स्थापित करने की छूट दे दी है। उन्होंने दावा किया कि राज्य वित्तीय अव्यवस्था, प्रशासनिक कुप्रबंधन और लगभग शासनहीनता की स्थिति में पहुंच गया है।

राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यादव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में दावा किया कि NDA शासन में भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और कुशासन गहरी जड़ें जमा चुकी संरचनात्मक समस्याएं बन गई हैं, जिनका असर समाज के हर वर्ग और सभी संस्थानों पर पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया, इससे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण और क्या हो सकता है कि अपराधी पुलिसकर्मियों की हत्या कर रहे हैं, वहीं पुलिसकर्मी अपनी ही खामियों को छिपाने के लिए कथित तौर पर निर्दोष नागरिकों की हत्या कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक समझ की कमी, अनुभवहीनता और अप्रभावी नेतृत्व के कारण पुलिस तथा नौकरशाही की जवाबदेही लगभग समाप्त हो गई है।

उन्होंने दावा किया कि वरिष्ठ अधिकारी मुख्यमंत्री को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। जनकल्याण, रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, कानून-व्यवस्था और लोगों के जीवन स्तर में सुधार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल नहीं हैं।

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में औद्योगिक विकास, बुनियादी ढांचे का विस्तार, प्रौद्योगिकी, निवेश और रोजगार सृजन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पीछे छूट गए हैं।

भ्रष्टाचार के सारी हदें पार कर जाने और शासन-व्यवस्था के लगभग ध्वस्त हो जाने का आरोप लगाते हुए यादव ने सवाल किया कि क्या NDA ने बिहार को बर्बादी की ओर धकेलने के लिए राज्य की कमान एक 'मनोनीत मुख्यमंत्री' को सौंप दी है। उन्होंने सत्ता में बैठे लोगों पर वोट चोरी के जरिए सत्ता हासिल करने का भी आरोप लगाया।

SCROLL FOR NEXT