RJD नेता तेजस्वी यादव  
बिहार

Exit poll को दरकिनार कर तेजस्वी बोले- लिख लो, मैं ही बनूंगा CM

बिहार में महागठबंधन बनाएगा सरकार

पटना : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनाव में हुई रिकॉर्ड तोड़ मतदान से स्पष्ट है कि राज्य की जनता ने इस बार बदलाव के लिए वोट किया है। तेजस्वी ने इसके साथ ही कहा कि महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने जा रहा है और 18 नवंबर को नई सरकार शपथ लेगी।

तेजस्वी यादव ने कहा, इस बार 2020 की तुलना में बिहार में 72 लाख अधिक मत पड़े हैं और यह वोट 'परिवर्तन के पक्ष' में पड़े हैं। प्रदेश में 72 लाख लोगों ने नीतीश कुमार को बचाने के लिए नहीं बल्कि बिहार में बदलाव लाने और सरकार बदलने के लिए मतदान किया है। लोगों ने महागठबंधन के पक्ष में मतदान किया है और हम 18 नवंबर को शपथ लेंगे।

एग्जिट पोल के बारे में तेजस्वी ने कहा, ये सर्वे तो बंगाल (में तृणमूल कांग्रेस को) हरा रहा था। 2024 में कुछ मीडिया राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को लोकसभा में 400 सीटों के पार करा रहे थे, नतीजा आपने देखा।

उन्होंने आरोप लगाया कि एग्जिट पोल के चक्कर में 'लोगों ने यहां तक कि बड़े अभिनेता धर्मेंद्र को भी मार दिया' और ऐसी पत्रकारिता पहले कभी नहीं देखी। तेजस्वी ने कहा कि BJP और उसके नेताओं ने नागरिकता व संवैधानिक मुद्दों पर दोहरे मापदंड अपनाए हैं और चेतावनी दी कि बिहार की जनता लोकतंत्र की रक्षा करेगी।

उन्होंने कहा, बिहार लोकतंत्र की जननी है और लोकतंत्र को हम यहां से मिटने नहीं देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP नेता मतगणना के दिन प्रक्रिया को धीमा करने की कोशिश करेंगे। ये लोग मतगणना को स्लो कराने की कोशिश करेंगे। हम उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं और ऐसा नहीं होने देंगे।

मीडिया पर सवाल उठाते हुए यादव ने कहा, इन चैनलों की विश्वसनीयता का अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि इन्होंने दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की झूठी खबर चला दी थी। कुछ चैनल तो यह तक कहने लगे थे कि भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में लाहौर, इस्लामाबाद और कराची पर कब्जा कर लिया है। यही इन लोगों की पत्रकारिता है।

तेजस्वी ने विश्वास जताया कि इस बार जनादेश पूरी तरह महागठबंधन के पक्ष में है और कहा कि बिहार की जनता ने मौजूदा सरकार की कुशासन की राजनीति को समाप्त करने के लिए भारी मतदान किया है।

SCROLL FOR NEXT