पटना : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बिहार में हत्या, बलात्कार, अपहरण, लूट और चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार अपनी विफलता स्वीकार करने को तैयार नहीं है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि राज्य में छात्रों, युवाओं, व्यवसायियों, आम नागरिकों और महिलाओं की सरेआम हत्या की जा रही है। यादव ने आरोप लगाया कि पुलिस और अपराधियों का कथित गठजोड़ बिहारवासियों के लिए नासूर बन चुका है।
उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के नेताओं, पुलिस और माफियाओं की कथित सांठगांठ भ्रष्टाचार तथा शराब तस्करी को बढ़ावा दे रही है और सरकार का कानून व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं है।
RJD नेता ने कहा कि राजधानी पटना के एक व्यस्त इलाके से एक युवक के कथित अपहरण और बाद में उसकी हत्या की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस बीच, तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्य ने भी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दावा किया कि बंटी यादव का पटना जंक्शन और महावीर मंदिर के निकट स्थित अत्यधिक व्यस्त इलाके से कथित तौर पर अपहरण किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सात-आठ लोगों द्वारा सार्वजनिक स्थान से युवक को जबरन ले जाने की घटना यह दर्शाती है कि अपराधियों में पुलिस का भय नहीं रह गया है।
रोहिणी ने कहा कि इतनी भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में इस प्रकार की घटना राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती है। हालांकि, इन आरोपों पर राज्य सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी है।