तेजस्वी यादव 
बिहार

तेजस्वी ने फर्जी मंत्री की नियुक्ति पर सरकार को घेरा

तेजस्वी का आरोप : बिहार सरकार ने संविधान को किया दरकिनार

Santosh Sharma

पटना : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बृहस्पतिवार को राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बिहार सरकार ने संविधान को फाड़कर कूड़े के ढेर में फेंक दिया है। तेजस्वी ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि सरकार ने नौ महीने से एक फर्जी मंत्री को पद पर बैठा रखा है, जो कथित तौर पर विभिन्न अवैधानिक कार्यों में संलिप्त है।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि लोकभवन ने एक ही व्यक्ति के एक साथ तीन पदों (मंत्री, सहायक प्राध्यापक और विधान पार्षद) पर बने रहने को लेकर गहरी आपत्ति जताई है। उल्लेखनीय है कि यादव का इशारा विधान परिषद सदस्य और राज्य सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री अशोक कुमार चौधरी की तरफ था।

उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान के स्पष्ट निर्देशों और नियमों के विपरीत मंत्री की सहायक प्राध्यापक के पद पर नियुक्ति की गई। स्थापित प्रावधानों, प्रक्रियाओं और नियमों की अनदेखी करते हुए नियुक्ति से संबंधित संचिका को दरकिनार किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि कानून की धज्जियां उड़ाते हुए नियुक्ति के अगले ही दिन संबंधित मंत्री परिवीक्षा अवधि के दौरान अनिश्चितकालीन छुट्टी पर चले गए। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि विश्वविद्यालय के सेवा नियमों के अनुसार उन्हें इस तरह छुट्टी लेने का अधिकार नहीं है और न ही अनिश्चितकाल के लिए छुट्टी स्वीकृत की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि लाभ के पद से संबंधित प्रावधानों के तहत तत्काल उनकी विधान परिषद की सदस्यता रद्द की जानी चाहिए और धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई होनी चाहिए। 'लाभ के पद' मामले में उच्चतम न्यायालय के ऐतिहासिक फैसले का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वेतन या भत्ता लेना महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि सदन का सदस्य रहते हुए किसी अन्य लाभ के पद को स्वीकार करना ही अवैध है। ऐसी स्थिति में सदस्यता उसी क्षण समाप्त मानी जाएगी।

राजद नेता ने कहा, ऐसे फर्जी मंत्री को एक मिनट भी पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। चौपट राज के अज्ञानी मुख्यमंत्री को कुछ पता नहीं है। मुख्यमंत्री सचिवालय से लेकर हर जगह संविधान की अवहेलना की जा रही है। हम इस मामले को लेकर ऊपर तक जाएंगे।

SCROLL FOR NEXT