‘समृद्धि यात्रा’ के दौरा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 
बिहार

‘समृद्धि यात्रा’ : नालंदा और पटना में 1,866 करोड़ रुपये की योजनाओं का अनावरण

CM नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का पटना-नालंदा में भव्य समापन

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के अंतिम दिन नालंदा और पटना जिलों में लगभग 1,866 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं और योजनाओं का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने दोनों जिलों में चल रही योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा भी की।

मुख्यमंत्री कार्यालय में कहा गया है, मुख्यमंत्री ने नालंदा जिले में 810 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं और योजनाओं की शुरुआत की। इनमें 316 करोड़ रुपये की लागत से 110 योजनाओं का उद्घाटन तथा 494 करोड़ रुपये की लागत से 106 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने बिहार शरीफ-रांची मार्ग पर भरावपर में 84.81 करोड़ रुपये से निर्मित 1,620 मीटर लंबे फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने फ्लाईओवर का निरीक्षण किया और कहा कि यह बिहार शरीफ के लोगों की पुरानी मांग थी, जो अब पूरी हो गई है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कोसुक गांव में कोसुक ‘रिवरफ्रंट’ परियोजना स्थल का दौरा किया और पंचाने नदी पर तटबंध सुदृढ़ीकरण तथा ‘रिवरफ्रंट’ विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

इस दौरान नालंदा में जनसभा स्थल के पास एकत्र लोगों ने मुख्यमंत्री से पद नहीं छोड़ने की अपील करते हुए नारे लगाए। लोगों ने उनसे दिल्ली नहीं जाने और बिहार में बने रहने का आग्रह किया। बाद में सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया।

इस माह के पहले सप्ताह में कुमार राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए। अब उनके जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की संभावना है, जिससे बिहार के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले मुख्यमंत्री के कार्यकाल का अंत होगा।

दिन में बाद में मुख्यमंत्री ने पटना जिले में लगभग 1,056 करोड़ रुपये की लागत से 1,373 विकास योजनाओं का अनावरण किया। इनमें 473 करोड़ रुपये की 761 योजनाओं का उद्घाटन तथा 583 करोड़ रुपये की 612 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम को भी संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ‘समृद्धि यात्रा’ से बिहार में उत्सव का वातावरण बना है और राज्य अब इसी माहौल में विकास की यात्रा आगे बढ़ाएगा।

नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में कार्य-संस्कृति विकसित की है। राज्य की सड़कें बिहार के विकास की कहानी बता रही हैं। नए बिहार के निर्माण में उनका योगदान लोग कभी नहीं भूलेंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बिहार को निराशा के दौर से निकालकर विश्वास और विकास के मार्ग से जोड़ा तथा बिहारियों की गरिमा को बहाल किया। उन्होंने कहा कि आज राज्य का हर निवासी गौरव महसूस करता है।

उन्होंने कहा, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक के रूप में मुझे उनके नेतृत्व में काम करते हुए बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत राज्य सरकार के कई मंत्री और अधिकारी उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT