हेलीकॉप्टर 
बिहार

हेलीकॉप्टर से गिरा राहत पैकेट, चोट लगने से पीड़ित की मौत

घटना अमनौर थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव स्थित एक राहत शिविर के पास हुई

Santosh Sharma

छपरा : बिहार के बाढ़ प्रभावित सारण जिले में हेलीकॉप्टर से गिराई गई राहत सामग्री का पैकेट कथित तौर पर सिर पर लगने से 58 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई।

घटना शुक्रवार दोपहर अमनौर थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव स्थित एक राहत शिविर के पास हुई। व्यक्ति की पहचान इसी गांव के निवासी अनिल कुमार सिंह के रूप में हुई है।

मढ़ौरा के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सबिंद्र कुमार दास ने कहा, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि शुक्रवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे हेलीकॉप्टर से गिराए गए राहत सामग्री के एक पैकेट के सिर पर लगने से व्यक्ति की मौत हुई है।

उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया है और पुलिस की जांच जारी है।

एसडीपीओ ने कहा,मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। अमनौर थाना प्रभारी विमलेश कुमार ने भी ग्रामीणों के हवाले से बताया कि व्यक्ति की मौत राहत सामग्री का पैकेट लगने से हुई है, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि मृतक के सिर या शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं।

उन्होंने एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए बताया कि राहत कार्य के दौरान काफी नीचे उड़ रहे हेलीकॉप्टर की हवा से एक टिन शेड उखड़ गया, जिसकी चपेट में आने से एक महिला के पैर में मामूली चोट आई। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की स्थिति ठीक है।

SCROLL FOR NEXT