पटना : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि बिहार सरकार ने चिकित्सा बुनियादी ढांचे के समग्र विकास के लिए बहुत कुछ किया है, लेकिन राज्य में और अधिक समावेशी स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित किए जाने की आवश्यकता है। पीएमसीएच को कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज, अनुसंधान के लिए देश के अन्य अस्पतालों के साथ समन्वय करना चाहिए।
राष्ट्रपति ने यहां बापू सभागार में पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (पीएमसीएच) के शताब्दी समारोह को संबोधित किया। कार्यक्रम में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्य सरकार के कई अन्य मंत्री उपस्थित थे। राष्ट्रपति मुर्मू के यहां पहुंचने पर पटना हवाई अड्डे पर राज्यपाल खान और मुख्यमंत्री कुमार ने उनका स्वागत किया।