बांकीपुर उपचुनाव 
बिहार

बांकीपुर उपचुनाव में फर्जी मतदान के आरोप पर सियासी घमासान

प्रशासन ने सुपर जोनल दंडाधिकारियों और अतिरिक्त सुरक्षा बलों के साथ क्यूआर कोड से सख्त निगरानी शुरू की

Santosh Sharma

पटना : भारतीय जनता पार्टी ((BJP) ने गुरुवार को जन सुराज पार्टी पर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में कथित तौर पर फर्जी मतदान कराने की कोशिश कर चुनाव प्रक्रिया की शुचिता को प्रभावित करने का आरोप लगाया।

बांकीपुर विधानसभा के निर्वाचन पदाधिकारी को लिखे पत्र में भाजपा के बिहार प्रदेश महासचिव नितिन अभिषेक ने कहा, हमारे संज्ञान में आया है कि जन सुराज पार्टी से जुड़े प्रतिनिधि और कार्यकर्ता बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में फर्जी मतदान कराने का प्रयास कर मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों को कमजोर करती हैं तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की सामूहिक प्रतिबद्धता के खिलाफ हैं।

भाजपा नेता ने निर्वाचन अधिकारियों से आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की चुनावी अनियमितता को रोकने और मतदान प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए मतदाताओं के सत्यापन की प्रक्रिया को सख्ती से लागू किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) प्रस्तुत करना अनिवार्य किया जाए तथा मतदान की अनुमति देने से पहले उसकी पहचान का आधिकारिक मतदाता सूची से सावधानीपूर्वक मिलान किया जाए।

भाजपा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए, पहली बार चुनाव लड़ रहे जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा, फर्जी मतदान रोकने के लिए ईपीआईसी कार्ड की कड़ी जांच की मांग कर भाजपा ने पहली बार कोई रचनात्मक काम किया है। हम इस कदम का स्वागत करते हैं। उन्होंने दावा किया, बांकीपुर उपचुनाव में हमारी जीत तय है।

पटना जिला प्रशासन की ओर से जारी बयान के अनुसार, स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए आठ ‘सुपर जोनल’ दंडाधिकारी, 16 ‘जोनल’ दंडाधिकारी और 42 ‘सेक्टर’ दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं।

संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्वाचन आयोग के ऐप के माध्यम से ‘क्यूआर कोड’ स्कैन कर संदिग्ध मतदाता पहचान पत्रों का सत्यापन करें और फर्जी पहचान पत्र पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज करें।

इस बीच, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 97, 98 और 99 पर भाजपा और जन सुराज समर्थकों के बीच तीखी बहस हुई। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

SCROLL FOR NEXT