पप्पू यादव 
बिहार

पप्पू यादव ने खरगे के बयान का किया समर्थन

खरगे ने रविवार को पटना में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था, ‘मोदी का बाप भी जाएगा।’

Santosh Sharma

पटना : बिहार के पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर की गई विवादित टिप्पणी का सोमवार को समर्थन किया।

खरगे ने रविवार को पटना में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था, ‘मोदी का बाप भी जाएगा।’ उनके इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया।

एक ओर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता इस बयान को लेकर कांग्रेस पर हमलावर हैं, वहीं दूसरी ओर ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों में शामिल सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करके खरगे का समर्थन किया और वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधा।

पप्पू यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा, खरगे साहब ने बिल्कुल सही कहा है। वोट चोरी नहीं होने दी जाए, तो वोट चोरों के बाप को भी जाना पड़ेगा। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए लिखा, बेशर्म भाजपा इसे मुद्दा बना रही है, तो और बनाओ। तुम्हारा सर्वनाश तय है।

गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर यह टिप्पणी की थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति को यह कहते सुना जा सकता है कि मोदी नहीं जाएंगे। इस पर खरगे ने जवाब दिया, ‘मोदी का बाप भी जाएगा।'

खरगे की इस टिप्पणी के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा है, जबकि पप्पू यादव ने उनके बयान का समर्थन करते हुए भाजपा पर पलटवार किया है।

SCROLL FOR NEXT