दोनों कथावाचकों को 'ढोंगी' करार दिया  
बिहार

बाबाओं पर पप्पू यादव के फिर बिगड़े बोल

धीरेंद्र शास्त्री और अनिरुद्धाचार्य पर पप्पू यादव का हमला

Santosh Sharma

पटना : पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज इन दिनों चर्चा में हैं। हाल ही में धीरेंद्र शास्त्री द्वारा भगवान श्रीकृष्ण पर दिए गए एक बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया था। इस मामले में बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' एक पोस्ट साझा करते हुए दोनों कथावाचकों को 'ढोंगी' करार दिया और तीखा हमला बोला।

पप्पू यादव ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, ढोंगी शास्त्री और अनिरुद्ध जैसे बाबा भाजपा-आरएसएस की नाजायज पैदाइश हैं। इन्हें सनातन से कोई मतलब नहीं है। सांसद ने आरोप लगाया कि ये लोग न तो भगवान को मानते हैं और न ही गीता, रामायण, संविधान, तिरंगे या देश के लोकतंत्र का सम्मान करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि ये बाबा सिर्फ सत्ता के लिए मंदिर-मस्जिद की सियासत करते हैं और देश की सभ्यता-संस्कृति का मजाक उड़ाते हैं। पप्पू यादव ने मांग की कि ऐसे ढोंगियों की सही जगह जेल है।

अपने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में पप्पू यादव ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की जमकर सराहना की और वर्तमान सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोनिया गांधी को भारतीय राजनीति में 'त्याग की प्रतीक' बताते हुए कहा कि उनकी भावनाएं हमेशा साफ और देशहित में रही हैं। उन्होंने कभी भी देश को नफरत की आग में नहीं धकेला।

इसके विपरीत, सरकार और विरोधी विचारधारा पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि मंदिर-मस्जिद के नाम पर होने वाला कत्लेआम बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने सवाल उठाया कि अंग्रेजों की मुखबिरी करने वाले संस्कारों से जुड़े लोग इस दर्द को कैसे समझ पाएंगे ? जो लोग अपनी गंदी राजनीति के लिए भगवान तक को नहीं छोड़ते, वे आम जनता और पीड़ितों की पीड़ा को कभी नहीं समझ सकते।

SCROLL FOR NEXT