पटना : BJP के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार को कहा कि वह अपने पिता के पदचिह्नों पर चलने का प्रयास कर रहे हैं, जो ‘सभी के लिए उपलब्ध रहते थे’ और पार्टी कार्यकर्ताओं को परिवार की तरह मानते थे। नितिन नवीन के पिता नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा BJP से विधायक रहे थे।
सिन्हा की पुण्यतिथि के अवसर पर यहां एक पार्क में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नितिन नबीन के साथ ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, BJP के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की।
अपने पिता को श्रद्धांजलि देने के बाद नितिन नबीन ने कहा, मैं अपने पिता के राजनीतिक जीवन से सीख लेकर उनके पदचिह्नों पर चलने की कोशिश कर रहा हूं जो सभी के लिए उपलब्ध रहते थे और पार्टी कार्यकर्ताओं को परिवार की तरह मानते थे।
उन्होंने कहा, आज मेरे पिता की 20वीं पुण्यतिथि है। जिस तरह उन्होंने सादगी के साथ संगठन को सींचा और कार्यकर्ताओं के साथ पारिवारिक रिश्ते बनाए, वह उल्लेखनीय है।
नबीन ने यह भी कहा कि समाज के विकास के लिए उनके पिता द्वारा किए गए कार्य ‘हम सभी के लिए प्रेरणादायी’ हैं।
उन्होंने दावा किया कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार, नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की परिकल्पना के अनुरूप राज्य को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
BJP के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, चुनाव प्रबंधन पर उनकी गहरी पकड़ थी। विधायक बनने से पहले हो या बाद में, चुनाव कैसे संभालना है, यह उनकी विशेषता थी।
उन्होंने कहा, सामाजिक सेवा के क्षेत्र में हो या जनप्रतिनिधि के रूप में, नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा विशिष्ट व्यक्तित्व के धनी थे। उनकी पुण्यतिथि पर हम उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।