सांकेतिक तस्वीर -
बिहार

मोतिहारी : मुठभेड़ में STF जवान और 2 गैंगस्टर की मौत, पटना में 5 अपराधी गिरफ्तार

यह मुठभेड़ मंगलवार तड़के जिले के चकिया इलाके में हुई

मोतिहारी/पटना : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में मंगलवार को एक मुठभेड़ में विशेष कार्य बल (STF) के एक कर्मी की मौत हो गयी और 2 गैंगस्टर भी मारे गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ मंगलवार तड़के जिले के चकिया इलाके में हुई। मुठभेड़ में जान गंवाने वाले STF जवान की पहचान श्रीराम यादव के रूप में की गई है। मुठभेड़ में मारे गए दो अपराधियों की पहचान कुंदन ठाकुर और उसके सहयोगी प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है। ठाकुर शस्त्र अधिनियम के कई मामलों में वांछित था।

जिला पुलिस के अनुसार, एक गुप्त सूचना के आधार पर STF और जिला पुलिस की टीम मंगलवार तड़के चकिया इलाके के एक स्थान पर पहुंची, जहां कुंदन ठाकुर और उसके सहयोगी छिपे हुए थे। पुलिस टीम को देखते ही ठाकुर और उसके साथियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोलियां भी चलायीं। इस दौरान STF जवान श्रीराम यादव को गोली लग गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में कुंदन ठाकुर और प्रियांशु कुमार को गोली लगी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि उनके दो अन्य साथियों उज्ज्वल कुमार तिवारी और संत कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने उनके पास से एक कार्बाइन, दो पिस्तौल, दो देसी कट्टे, एक रिवॉल्वर और पांच कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने हाल ही में चकिया थाने के अधिकारियों को गंभीर परिणाम भुगतने की फोन पर धमकी दी थी। यह फोन कथित तौर पर नेपाल के एक नंबर से किया गया था।

इस बीच, एक अन्य घटना में पटना जिले के पंडारक इलाके में पुलिस ने संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की पहचान धीरज कुमार, विपिन कुमार, सुदल यादव, संजीव कुमार और संधीर कुमार के रूप में हुई है। यह मुठभेड़ सोमवार देर शाम हुई।

पटना पुलिस के अनुसार, स्थानीय थाने को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी पंडारक इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। STF और जिला पुलिस की टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की और सभी 5 अपराधियों को काबू में कर लिया।

आरोपी धीरज कुमार के पैर में गोली लगी है। उसका नजदीकी सरकारी अस्पताल में इलाज हो रहा है और उसकी स्थिति स्थिर बतायी जा रही है। पुलिस ने उनके पास से दो राइफल, एक रिवॉल्वर और 50 से अधिक कारतूस बरामद किए हैं। मामले की जांच जारी है।

SCROLL FOR NEXT