सांकेतिक तस्वीर 
बिहार

14 हजार के नकली नोटों संग एक व्यक्ति गिरफ्तार

गिरोह के नेपाल-बांग्लादेश कनेक्शन की जांच जारी

Santosh Sharma

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस ने जाली नोटों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 14 हजार रुपये मूल्य के जाली भारतीय नोट बरामद किए हैं। ये सभी नोट 500-500 रुपये के हैं। प्रारंभिक जांच में इस मामले के तार अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़े होने की बात सामने आ रही है।

मुजफ्फरपुर के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश सिंह ‘प्रभाकर’ ने इस कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्थानीय बाजार में जाली भारतीय नोट खपाने की कोशिश कर रहा है।

इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए सरैया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) और साहेबगंज के थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आरोपी सहनी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को उसके घर से 500 रुपये मूल्य के कुल 28 जाली नोट बरामद हुए।

पुलिस अधीक्षक ने आगे बताया कि गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई, तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। जांच में पता चला है कि आरोपी जाली नोटों की आपूर्ति करने वाले एक बड़े और संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य है।

पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार सीमा पार नेपाल और बांग्लादेश तक जुड़े हुए हैं, जहां से नकली नोटों की खेप भारत में भेजी जाती है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को एक वाहक के माध्यम से कुल 20 हजार रुपये मूल्य के जाली नोटों की खेप मिली थी। इसमें से वह बड़ी चालाकी से छह हजार रुपये के नकली नोट स्थानीय बाजार में चला चुका था। शेष बचे 14 हजार रुपये के जाली नोटों को बाजार में खपाने से पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा।

एसपी ने बताया कि इस मामले में साहेबगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब उस वाहक और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का प्रयास कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इस बरामदगी के संबंध में अन्य केंद्रीय और राज्य जांच एजेंसियों को भी सूचित कर दिया गया है, ताकि पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सके।

SCROLL FOR NEXT