पटना: राष्ट्रीय जनता दल को बांकीपुर उपचुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और लंबे समय से प्रवक्ता रहे मृत्युंजय तिवारी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा।
मृत्युंजय तिवारी ने पत्रकरों से बातचीत में अपने इस्तीफे की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी अपना इस्तीफा भेज दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में उन्हें अपेक्षित सम्मान नहीं मिल रहा था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वे जनता के सेवक हैं और पहले की ही तरह वो जनता की सेवा करते रहेंगे।
आरजेडी के प्रमुख प्रवक्ताओं में शामिल रहे मृत्युंजय तिवारी लंबे समय तक पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते रहे। राजनीतिक और संगठनात्मक संकट के दौर में भी उन्होंने पार्टी और लालू परिवार का खुलकर बचाव किया तथा विभिन्न मुद्दों पर आरजेडी का पक्ष प्रभावी ढंग से रखा।
अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर पूछे गए सवाल पर मृत्युंजय तिवारी ने फिलहाल कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उनके इस्तीफे को आगामी उपचुनाव से पहले आरजेडी के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक झटका माना जा रहा है।
वहीं, उनके इस्तीफे के बाद बिहार की सियासत में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, आरजेडी में अंदरूनी असंतोष बढ़ने की खबरें हैं। इसी बीच ऐसी भी चर्चाएं हैं कि औरंगाबाद से आरजेडी सांसद अभय कुशवाहा भाजपा के संपर्क में हैं। हालांकि, इस संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।