भरत  
बिहार

भरत तिवारी एनकाउंटर में बड़ा एक्शन, STF जवान गिरफ्तार

भरत तिवारी एनकाउंटर केस में STF की भूमिका जांच के घेरे में

Santosh Sharma

पटना : भोजपुर जिले में कथित मुठभेड़ के दौरान भारत भूषण तिवारी की मौत के मामले में करीब 45 दिन बाद पुलिस ने विशेष कार्य बल (STF) के एक जवान को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। जवान पर भरत तिवारी को गोली मारने का आरोप है। भरत की मां आशा देवी ने STF जवान पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया था।

शुक्रवार को जानकारी सामने आई कि आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है। फिलहाल, इस जवान के बारे में अधिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राज ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, STF के जवान को आज सुबह आरा में गिरफ्तार किया गया है।

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब हाल ही में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी की मां और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले में न्याय होगा।

परिवार ने एनकाउंटर में शामिल दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि, बाद में एसडीपीओ राजेश शर्मा को पटना में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो में डीएसपी के तौर पर नई पोस्टिंग दिए जाने पर परिवार के लोगों ने असंतोष व्यक्त किया।

इस एनकाउंटर मामले से जुड़े एक अन्य अधिकारी, जगदीशपुर के एसडीएम संजीत कुमार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आदेश के बाद पद से हटाकर पटना मुख्यालय से अटैच कर दिया गया।

बता दें कि कि भोजपुर जिले के बिलौटी गांव के रहने वाले भरत तिवारी की 17 जून को पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई थी। पुलिस के बयान के अनुसार, भरत के पास हथियार था और उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इसमें भरत तिवारी की मौत हो गई।

भरत के परिवार ने पुलिस के बयान पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि उसने सरेंडर करने की कोशिश की थी, फिर भी पुलिस ने उसे गोली मार दी। परिवार का आरोप है कि एनकाउंटर बनावटी था और भरत की जानबूझकर हत्या की गई थी। अभी भरत तिवारी की मौत के मामले में न्यायिक जांच भी चल रही है।

SCROLL FOR NEXT