पटना : जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की पटना स्थित कार्यालय में पार्टी की आज अहम बैठक हो रही है। बैठक में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होने के लिए पहुंच चुके हैं। नीतीश के अलावा बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी सहित जेडीयू के कई वरिष्ठ नेता और पार्टी के तमाम विधायक बैठक में मौजूद हैं।
बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज है। माना जा रहा है कि बैठक में जेडीयू के नए नाम को लेकर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बता दें, कुछ दिन पहले ही संजय झा ने जेडीयू का नाम 'जदयू-नीतीश' करने की सलाह दी थी।
बैठक में निशांत कुमार के अलावा पार्टी के बड़े नेताओं के साथ बड़ी संख्या में विधायक शामिल हुए हैं। ऐसे में बैठक को संगठन और पार्टी से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक में किन मुद्दों पर अंतिम सहमति बनती है, इस पर सभी की नजर है।
मिली जानकारी के अनुसार, जेडीयू के नए विधायकों- एमएलसी को प्रशिक्षण दिया जाएगा कि वो अपनी बातों को विधानसभा और विधान परिषद में किस प्रकार रख सकते हैं। आने वाले 8 सीटों पर चुनाव पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही निशांत कुमार के भविष्य को लेकर एक बड़ी चर्चा होगी कि आगे किस तरह से उन्हें बड़ी जिम्मेदारी पार्टी में दी जाए।